बूंदी

ACB Action: बूंदी जिले में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार की रिश्वत लेते VDO गिरफ्तार

राजस्थान के बूंदी जिले में एसीबी ने गरड़दा पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी मुकेश बैरवा को 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हांथ पकड़ा है। आरोपी पर बिल पास करने के बदले 30 प्रतिशत कमीशन मांगने का आरोप था। कार्रवाई के बाद पंचायत समिति में हड़कंप मच गया।

2 min read
Jun 15, 2026
Bundi acb Action
Bundi: एसीबी टीम की गिरफ्त में आरोपी वीडीओ (फोटो-पत्रिका)

बूंदी। जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत गरड़दा के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) मुकेश बैरवा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हांथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर विकास कार्यों के बिल पास करने के बदले भारी कमीशन मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद पंचायत समिति और संबंधित विभाग में हड़कंप मच गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी एक लाख की रिश्वत ले चुका है।

एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर बूंदी इकाई ने यह ट्रैप कार्रवाई की। एसीबी के अनुसार, परिवादी की फर्म द्वारा ग्राम पंचायत गरड़दा में पनघट निर्माण से जुड़े करीब 15 लाख रुपये के कार्य कराए गए थे। इन कार्यों के भुगतान के बदले ग्राम विकास अधिकारी मुकेश बैरवा कथित तौर पर 30 प्रतिशत तक कमीशन की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी भुगतान जारी करने के लिए करीब साढ़े चार लाख रुपये रिश्वत के रूप में मांग रहा था और लगातार दबाव बना रहा था।

कार में बैठाकर आरोपी वीडीओ को अपने साथ ले जाती एसीबी टीम (फोटो-पत्रिका)

एसीबी ने जाल बिछाकर की कार्रवाई

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और आरोपों की पुष्टि होने पर योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। एसीबी कोटा रेंज के उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में उप पुलिस अधीक्षक प्रेमचंद के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। सोमवार को परिवादी को 50 हजार रुपए की रिश्वत राशि देकर नैनवां रोड स्थित गेट नंबर-2 के पास बैरवा के किराए के मकान पर भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने राशि ली और उसे अपनी शर्ट की जेब में रखा, परिवादी के इशारे पर एसीबी टीम ने उसे दबोच लिया।

टीम को देखकर फेंक दी राशि

एसीबी टीम को सामने देखकर आरोपी घबरा गया। उसने जेब से रिश्वत की राशि निकालकर सड़द पर फेंक दी। यह देखकर टीम ने तत्काल उसे दबोच लिया। इसके बाद उसे कोतवाली थाने लाया गया, जहां नियमानुसार कार्रवाई के बाद उसे एसीबी चौकी ले जाया गया। एसीबी ने आरोपी के आवास की तलाशी लेने के साथ ही संबंधित पंचायत के रिकॉर्ड की भी जांच की।

एक लाख की पहले ले चुका रिश्वत

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले ही शिकायतकर्ता से करीब एक लाख रुपये की रिश्वत ले चुका था। बताया जा रहा है कि आरोपी ने रिश्वत की रकम अपने किराए के मकान के बाहर प्राप्त की और उसे अपनी पैंट की जेब में रख लिया। इसी दौरान एसीबी टीम को सामने देखकर उसने घबराकर रकम जेब से निकालकर सड़क पर फेंक दी, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

यह वीडियो भी देखें :

जयस्थल का रहने वाला है आरोपी

आरोपी मुकेश बैरवा बूंदी जिले के जयस्थल गांव का निवासी है और वर्तमान में ग्राम पंचायत गरड़दा में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत था। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर एसीबी पूरे मामले की गहन जांच करेगी।

Updated on:
15 Jun 2026 07:30 pm
Published on:
15 Jun 2026 07:13 pm