
Rajasthan : बूंदी। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी को लेकर बूंदी में सियासी बवाल खड़ा हो गया है। पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास के बुधवार को बारां में दिए बयान के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता गुरुवार को कोतवाली थाने पहुंचे। भाजपा शहर अध्यक्ष राजकुमार श्रृंगी और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष नूपुर मालव एडवोकेट की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर पूर्व मंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने शिकायत में आरोप लगाया कि बुधवार को बारां में कांग्रेस के कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने सार्वजनिक मंच से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि संवैधानिक पदों पर आसीन व्यक्तियों के खिलाफ इस तरह की भाषा का प्रयोग अनुचित है। उन्होंने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस से शिकायत दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
इधर, कोतवाली पुलिस ने बताया कि भाजपा के प्रतिनिधिमंडल की ओर से थाने में शिकायत दी गई है। इसकी जांच की जा रही है। इस दौरान शहर प्रवक्ता अभिषेक जैन, पूर्व जिला प्रवक्ता निर्मल मालव, पंकज गुर्जर, अनिल शर्मा, मुकेश मीणा, सुरेश गुर्जर, महेश जैन और कपिल मीणा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।