बूंदी

Bundi : छात्राओं को मिलेगी आधुनिक शिक्षण सुविधाएं और प्रयोगशालाएं

शहर के राजकीय कन्या महाविद्यालय को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन मिलेगा। राज्य सरकार ने इसके लिए 5 करोड़ 14 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की है। राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड को भवन निर्माण का कार्यादेश जारी हो चुका है और काम प्रगति पर है। वर्तमान में यह महाविद्यालय वर्ष 1995 से पुराने जेल परिसर में सीमित संसाधनों के साथ संचालित था। महाविद्यालय प्रशासन के प्रयासों से दिसंबर 2026 तक नए भवन का निर्माण पूरा होने की संभावना है।
2 min read
May 13, 2026
Bundi : छात्राओं को मिलेगी आधुनिक शिक्षण सुविधाएं और प्रयोगशालाएं
बूंदी. कन्या महाविद्यालय परिसर में निर्माणाधीन भवन।

बूंदी. शहर के राजकीय कन्या महाविद्यालय को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन मिलेगा। राज्य सरकार ने इसके लिए 5 करोड़ 14 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति जारी की है। राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड को भवन निर्माण का कार्यादेश जारी हो चुका है और काम प्रगति पर है। वर्तमान में यह महाविद्यालय वर्ष 1995 से पुराने जेल परिसर में सीमित संसाधनों के साथ संचालित था।

महाविद्यालय प्रशासन के प्रयासों से दिसंबर 2026 तक नए भवन का निर्माण पूरा होने की संभावना है। नए सत्र से छात्राएं अपने नए भवन में अध्ययन करती हुई नजर आएगी। कार्यवाहक प्राचार्य एवं प्रवेश नोडल अधिकारी डॉ.आशुतोष बिरला ने बताया कि नया भवन तैयार होने के बाद महाविद्यालय छात्राओं के उच्च अध्ययन के लिए एक आधुनिक कलेवर में समर्पित होगा।

उन्होंने छात्राओं से अधिक संख्या में प्रवेश लेकर अपने सुरक्षित भविष्य की ओर कदम बढ़ाने का आह्वान किया। वर्तमान में महाविद्यालय में 1100 छात्राएं (स्नातक कला, विज्ञान, वाणिज्य और स्नातकोत्तर राजनीति विज्ञान) अध्ययनरत हैं और सभी सरकारी छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ ले रही हैं। महाविद्यालय में छात्राओं की आत्मरक्षा के लिए रानी लक्ष्मी बाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण केंद्र भी संचालित है, जो उन्हें सुरक्षित और सशक्त वातावरण प्रदान करता है। यहां छात्राएं सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण लेकर आत्म निर्भर बन रही है।

मिलेगा स्मार्ट क्लास रूम
इस नए भवन में आठ अतिरिक्त कक्षा-कक्ष, आधुनिक विज्ञान, भूगोल और गृह-विज्ञान प्रयोगशाला तथा स्मार्ट क्लास रूम होंगे। ये नई सुविधाएं छात्राओं को अत्याधुनिक तकनीक से शिक्षण प्रदान करेंगी। महाविद्यालय में नियमित प्रायोगिक और सैद्धांतिक कक्षाएं संचालित होती है। साथ ही खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियां और विभिन्न व्यक्तित्व विकास के कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं।

अब नहीं होगी छात्राओं को परेशानी
महाविद्यालय वर्ष 2015 तक जेल परिसर में संचालित हो रहा था। वर्ष 2016 में रूसा ग्रांट से तीन कक्षा कक्ष और एक सेमिनार हॉल बने। बाद में लाल लंगोट वाले बाबा की प्रेरणा से जनसहयोग से भी तीन कक्षा कक्ष बनाए गए। बावजूद इसके, बढ़ती छात्रा संख्या के कारण स्थान अपर्याप्त था। महाविद्यालय प्रशासन की कोशिशों से वर्ष 2023-24 में दो अतिरिक्त कक्षा कक्ष स्वीकृत हुए। अब, महाविद्यालय की आवश्यकता को देखते हुए नवीन भवन निर्माण की पूर्ण वित्तीय स्वीकृति मिली है। नए भवन बनने के बाद छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिलेगी।

इनका कहना है
राजकीय कन्या महाविद्यालय के आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। 5 करोड़ 14 लाख रुपए की लागत से इसका निर्माण होगा। इसमें आधुनिक सुविधा से युक्त कक्षा-कक्ष बनाए जा रहे है।। वर्तमान में यह महाविद्यालय वर्ष 1995 से पुराने जेल परिसर में सीमित संसाधनों के साथ संचालित था। दिसंबर 2026 तक नए भवन का निर्माण पूरा होने की संभावना है।
आशुतोष बिरला, कार्यवाहक प्राचार्य, राजकीय कन्या महाविद्यालय, बूंदी

Updated on:
13 May 2026 05:40 pm
Published on:
13 May 2026 05:40 pm