बूंदी

Bundi News: कोटा डिपो की रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर, वाहन के उड़े परखच्चे

बूंदी के अजेता गांव में कोटा डिपो की रोडवेज बस बेकाबू होकर दो बाइकों से टकरा गई। एक बाइक बस के अगले पहिए के नीचे दबकर चकनाचूर हो गई, जबकि दूध लेकर जा रहा 28 वर्षीय युवक बाल-बाल बच गया।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 11:45 AM IST
bundi accident
Bundi Accident: हादसे के बाद मौके पर खड़ी बस (फोटो-पत्रिका)

बूंदी। जिले के रायथल थाना क्षेत्र में गुरुवार को कोटा डिपो की रोडवेज बस अनियंत्रित होकर दो बाइकों से टकरा गई। हादसे में एक बाइक बस के अगले पहिए के नीचे आकर पूरी तरह चकनाचूर हो गई। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार दूध लेकर जा रहा युवक बाल-बाल बच गया। उसको मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने रोडवेज बसों की तेज रफ्तार को लेकर नाराजगी जताते हुए बाइक मालिकों को मुआवजा देने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, हादसा खटकड़-केशवरायपाटन मार्ग पर अजेता गांव में नहर की पुलिया के पास हुआ। कोटा डिपो की रोडवेज बस इस मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान सड़क पर एक बाइक सामने आ गई। उसे बचाने के प्रयास में बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस अनियंत्रित होकर दूध लेकर जा रहे युवक की बाइक से टकरा गई।

बस का टायर हुआ ब्लास्ट

इसके बाद बस ने सड़क किनारे खड़ी दूसरी बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुकेश कुमार की बाइक बस के अगले पहिए के नीचे दब गई और उसके परखच्चे उड़ गए। वहीं, पहली बाइक पर सवार रायथल थाना क्षेत्र के बन का खेड़ा निवासी मस्तराम गुर्जर (28) हादसे में बाल-बाल बच गया। उसको हल्की चोटें आई हैं। हादसे के दौरान बस का टायर ब्लास्ट कर गया।

ग्रामीणों ने जताया आक्रोश, मुआवजे की मांग

हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। लोगों ने सड़क पर रोडवेज बसों की तेज रफ्तार को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना था कि लापरवाही से वाहन चलाने के कारण इस तरह के हादसे हो रहे हैं। उन्होंने क्षतिग्रस्त बाइक के मालिकों को उचित मुआवजा देने की मांग की।

इसी बीच बस चालक और परिचालक मौके से चले गए। सूचना मिलने पर रायथल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों से समझाइश की और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन देकर सड़क पर जमा भीड़ को हटाया। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बाइक बस के अगले पहिए के नीचे फंसी रही।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
6 Nov 2026, 11:45 AM IST
Published on: