
Bundi : बूंदी के हिण्डोली कस्बे से एक किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग 52 काची घाटी पर रविवार सुबह परचूनी, खाद्य सामग्री, दवाइयां व अन्य वस्तुओं से भरे ट्रक में अचानक आग लग लगने से जलकर खाक हो गया। ट्रक में जितना सामान था वो भी जल गया। ट्रक में आग लगने के बाद करीब 2 घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित रहा। बताया जा रहा है कि आग लगने की इस घटना से करीब 2 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
जानकारी अनुसार जयपुर से परचूनी व खाद्य सामग्री भरकर चालक रामसिंह ट्रक को लेकर झालावाड़ जा रहा था। रविवार सुबह 9 बजे ट्रक को लेकर ड्राइवर काचीघाटी पहुंचा तो उसे इंजन में धुआं उठता नजर आया। चालक ने ट्रक रोका और नीचे उतरकर देखने लगा कि मामला क्या है। ड्राइवर के देखते ही देखते तो आग तेजी से भड़क उठी।
इस दौरान ट्रक के ड्राइवर रामसिंह, खलासी फोरूलाल व ईश्वर चंद मेघवाल तीनों मौके से हटकर दूर चले गए। थोड़ी देर में ट्रक धूं धूं कर जलने लगा। इस दौरान हाइवे से गुजर रहे वाहन चालक व राहगीर भी रुक देखने लगे। उपस्थित लोगों ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर एएसआई मणिराज सिंह, कालू लाल सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
एएसआई मणिराज सिंह ने मौके की गंभीरता को देखते हुए देवली से बूंदी जाने वाले हाइवे को बंद करवाया। जब तक आग काफी फैल चुकी थी और ट्रक पूरी तरह से जल कर खाक हो गया था। काफी देर बाद दमकल मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पाया। चालक के अनुसार इस दुर्घटना से करीब 2 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। ट्रक चालक झालावाड़ निवासी राम सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कार्यवाही शुरू कर दी है। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
ट्रक में आग लगने के बाद निकल रहे धुएं की जानकारी चालक को बहुत देर तक नहीं लगी। सड़क से गुजरने वाले लोग चालक के पीछे वाहन दौड़ाकर आवाज लगाते रहे पर ड्राइवर ने इस पर ध्यान नहीं दिया। बाद में ड्राइवर को जब कुछ आभास हुआ तो उसने काचीघाटी पर ट्रक रोका। तब तक आग और बढ़ गई थी।