बूंदी. पंचायत चुनाव में जनता का फैसला आ चुका है, अब बुधवार को जिला प्रमुख की कुर्सी पर ताज किसके सिर सजेगा, इसका फैसला होगा। जिला परिषद में 21 सीटें जीतकर कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है, जबकि भाजपा को महज 6 सीटें मिली हैं। इसके बावजूद कांग्रेस में जिला प्रमुख के नाम पर सहमति नहीं बन पाई है। ओबीसी ओपन सीट होने के कारण पार्टी के सामने अपने ही 9 ओबीसी चेहरों में से उपयुक्त नाम चुनने की चुनौती है। दावेदारों की जयपुर तक दौड़ जारी है और राजनीतिक समीकरण साधने के लिए सदस्यों की बाड़ाबंदी भी की गई है।
जिला प्रमुख का निर्वाचन बुधवार को होगा। इस बार आरक्षण ने सियासी तस्वीर बदल दी है। पिछली बार अनारक्षित रही जिला प्रमुख की सीट अब ओबीसी ओपन होने से कई नए चेहरे दावेदारी में सामने आए हैं। कांग्रेस में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर कई नामों पर चर्चा है। पार्टी के स्थानीय नेताओं के साथ विधायकों की पसंद और संगठन के समीकरण भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। ऐसे में बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस के लिए सर्वसम्मति से चेहरा तय करना आसान नहीं दिख रहा।