
Bundi Couple Suspicious Death: बूंदी शहर के ब्रह्मपुरी इलाके में रविवार सुबह एक दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। महिला का शव कमरे में मिला, जबकि उसके पति के दोनों हाथों की नसें कटी हुई थीं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके से मौत की वजह के कोई सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस मौत के कारणों की जांच सभी पहलुओं से कर रही है।
मृतकों की पहचान अब्दुल हनीफ पुत्र अब्दुल अजीज (40) और उसकी पत्नी रोशन (32) के रूप में हुई है। हनीफ घर पर सिलाई का काम करता था। परिजनों के अनुसार, यह हनीफ का दूसरा निकाह था। दंपती की 9 महीने की एक बेटी है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब तीन बजे रोशन अपनी बच्ची को नीचे सास के पास छोड़कर दूसरी मंजिल स्थित अपने कमरे में चली गई थी। इसके बाद सुबह कमरे से कोई आवाज नहीं आने पर परिजन ऊपर पहुंचे। कमरे में दोनों को मृत अवस्था में देखकर परिवार में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि रोशन का शव कमरे में, जबकि हनीफ के दोनों हाथों की नसें कटी हुई थीं। हनीफ के सिर के पीछे चोट भी लगी हुई थी और उसके शरीर से काफी रक्तस्राव हुआ था। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस उप अधीक्षक अनिल जोशी और शहर कोतवाल रमेश आर्य मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। एफएसएल और एमओबी टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य एकत्र किए।
परिजनों के अनुसार, रोशन बीमार थी और पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान रहती थी। शनिवार शाम ही हनीफ उसे डॉक्टर को दिखाकर घर लेकर आया था। इसके कुछ घंटे बाद ही दोनों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया। पुलिस उपाधीक्षक अनिल जोशी ने बताया कि फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। मौत की वास्तविक वजह का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।