बूंदी

Rajasthan Crime: राजस्थान में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, बदमाशों ने लोहे के सरियों से पीटा, पांव में फ्रैक्चर

हमले के बाद कार्यकर्ता भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल को अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता व अग्रवाल समाज के लोग वहां पहुंच गए।
2 min read
Sep 20, 2025
Attack on BJP leader
घायल पूर्व जिलाध्यक्ष से घटना की जानकारी लेते लोकसभा अध्यक्ष के अतिरिक्त निजी सचिव। फोटो- पत्रिका

राजस्थान के बूंदी में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल पर शनिवार को चित्तौड़ रोड एक होटल के बाहर तीन-चार नकाबपोश युवकों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार किए। हमलावर कार में सवार होकर आए थे। हमले में अग्रवाल के पैर में फ्रैक्चर और हाथ में चोट आई है। जब पूर्व जिलाध्यक्ष पर हमला हुआ, तब होटल के अंदर भाजपा का प्रबुद्धजन सम्मेलन चल रहा था। अचानक हुए हमले से भाजपा कार्यकर्ता में रोष फैल गया।

कोटा रेफर किया

हमले के बाद कार्यकर्ता अग्रवाल को अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता व अग्रवाल समाज के लोग अस्पताल पहुंच गए। जहां चिकित्सकों ने इलाज कर कोटा रेफर कर दिया। अग्रवाल नगर परिषद सभापति सरोज अग्रवाल के पति हैं।

जानकारी के अनुसार शहर के चित्तौड़ रोड स्थित एक होटल पर भाजपा के प्रबुद्धजन सम्मेलन में भाग लेने के लिए भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल होटल के बाहर गाड़ी खड़ी करके अंदर जा रहे थे। इस दौरान कोटा नंबर की गाड़ी में सवार होकर आए तीन-चार युवकों ने अग्रवाल पर हमला कर दिया। हमलावरों के पास पाइप, सरिया व डंडा था, जिससे ताबड़तोड़ वार किए। हमलावरों ने सिर पर मारने की कोशिश की। अग्रवाल ने दोनों हाथ लगाकर रोक लिया, जिससे दोनों हाथों में कट लग गया।

पैरों पर ताबड़तोड़ वार

इसके बाद हमलावरों ने दोनों पैरों पर ताबड़तोड़ वार किए। चिल्लाने पर कुछ लोगों के आने के बाद हमलावर मौके से भाग छूटे। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता घायल अवस्था में अग्रवाल को अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही लोकसभा अध्यक्ष के अतिरिक्त निजी सचिव आरपीएस अंकित जैन, पूर्व विधायक अशोक डोगरा, सभापति सरोज अग्रवाल, राजस्थान आवासन मंडल के पूर्व अध्यक्ष अजयपाल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा, शहर कोतवाल भंवर सिंह मय जाप्ते के मौके पर पहुंचे। एक्स-रे होने के बाद पुलिस ने घायल अग्रवाल के पर्चा बयान लिए और प्रकरण दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज

पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पर दिनदहाड़े हुए हमले के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरु कर दी है। होटल पहुंचकर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिसमें एक सफेद रंग की गाड़ी से आए तीन-चार युवक अग्रवाल पर हथियार से हमला करने के बाद गाड़ी में बैठकर भागते हुए नजर आ रहे है। अग्रवाल ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।

यह वीडियो भी देखें

जल्द अरोपी पुलिस गिरफ्त में होंगे

पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल पर एक होटल के बाहर हमला हुआ है। हमलावर कोटा नंबर की सफेद गाड़ी में आए थे। हमले में पैर व हाथ में चोट आई है। आरोपियों को पकड़ने के लिए टीमें रवाना कर दी है। जल्द आरोपी पुलिस के गिरफ्त में होंगे।

  • राजेंद्र कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक, बूंदी
Updated on:
20 Sept 2025 07:35 pm
Published on:
20 Sept 2025 07:23 pm