
बूंदी। जिले से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे का बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने अवलोकन किया। ओम बिरला ने कहा कि एक्सप्रेसवे का फायदा प्रदेश के 14 जिलों को मिलेगा, जिससे इन जिलों में उद्योग, पर्यटन, कृषि और व्यापार को नई रफ्तार मिलेगी। लबान में अभिनंदन समारोह के बाद तीनों नेता मिनी बस से एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करते हुए कोटा की ओर रवाना हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे से राजस्थान के 14 जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे परिवहन लागत घटेगी, उद्योग-धंधों को बढ़ावा मिलेगा, पर्यटन को नई गति मिलेगी और किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली की दूरी महज 4 घंटे रह जाएगी, जिससे क्षेत्र में औद्योगिक निवेश की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
इससे पहले शाम 4:57 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जयपुर से हेलीकॉप्टर से एक्सप्रेस वे पर बनाए गए हेलीपैड पहुंचे। यहां शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर सहित जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके कुछ देर बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी निरीक्षण स्थल पहुंचे।
निर्धारित समय से काफी विलंब से शाम 5:25 बजे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी कार्यक्रम स्थल पहुंचे। इसके बाद ग्रीन हाउस में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर के साथ विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने हेलीपैड से मंच तक जाते समय रास्ते में राजीविका की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की जानकारी ली और कहा कि दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस में 15-15 दिन की प्रदर्शनियां आयोजित कर समूहों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा। उन्होंने पेपर बैग, शरबत, गुलाब जल सहित अन्य उत्पादों की सराहना की।
कृषि विभाग की 'पंच गौरव' प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने धान की विभिन्न किस्मों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के चावल को जीआई टैग दिलाने का प्रयास किया जाएगा तथा इसके निर्यात को बढ़ावा देने के लिए विदेशों में भी प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी।
खनिज विभाग की प्रदर्शनी में सहायक अभियंता सहदेव सारण ने मुख्यमंत्री को बरड़ क्षेत्र के सैंडस्टोन सहित विभिन्न प्रकार के पत्थरों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बरड़ क्षेत्र का सैंडस्टोन अयोध्या के राम मंदिर निर्माण में भी उपयोग किया गया है। इस पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के पत्थर उद्योग को प्रोत्साहित करने की बात कही।
मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के उतरने के दौरान तेज हवा से हेलीपैड पर लगी रेलिंग गिर गई। इस दौरान रेलिंग के पास खड़े भाजपा जिलाध्यक्ष का कुर्ता फट गया। हालांकि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।