बूंदी

रोक के बाद भी धड़ल्ले से हो रहा रेत का कारोबार

शहर सहित हाइवे पर बजरी का अवैध परिवहन खुलेआम हो रहा है। सडक़ों से डम्पर, ट्रक व ट्रॉलियों में बजरी भरकर ले
2 min read
Dec 29, 2017
Even after the stopping the sand trade
bajari kali karta turck

बूंदी. शहर सहित हाइवे पर बजरी का अवैध परिवहन खुलेआम हो रहा है। सडक़ों से डम्पर, ट्रक व ट्रॉलियों में बजरी भरकर ले जाई जा रही है। इस समय बजरी खनन पर पूरी तरह से रोक लगी हुई है। इसके बाद भी शहर सहित कई हिस्सों में बजरी आसानी से पहुंच रही है।

read more : बैठक में संवाद होना चाहिए बवाल नहीं

बूंदी शहर में धड़ल्ले से बजरी से भरे ट्रक व ट्रॉलियां इधर से उधर दौड़ती नजर आती है। इससे ये माना जा रहा है कि चोरी छिपे बजरी का अवैध खनन जिले में हो रहा है। इसके बाद भी जिम्मेदार महकमें कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

कुंभा स्टेडियम से हो रहा कारोबार
शहर के छत्रपुरा रोड स्थित कुंभा स्टेडियम में बजरी का अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है। यहां पर चौबीस घण्टे बजरी की कालाबाजारी हो रही है, लेकिन कोई भी देखने वाला नहीं है। स्टेडियम में अवैध रूप से बजरी भरकर कई डम्पर रोजाना पहुंच रहे हैं।

मंगलवार रात को स्टेडियम में बने आश्रय स्थल के पीछे बजरी से भरा ट्रक खाली किया गया था। यहां से ट्रॉलियों में बजरी भरकर सप्लाई की जा रही थी। सूचना पर सदर थाना पुलिस पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया। जिसे थाने ले जाया गया। बाद में खनि विभाग के अभियंता ने बजरी से भरे ट्रक पर जुर्माना किया। इससे पूर्व भी सदर थाना पुलिस ने बजरी से भरी ट्रॉलियां पकड़ी थी, जिन्हें भी खनिज विभाग को जुर्माने के लिए सौंपा था।

Read More:सूर्य खोलेगा किस्मत के द्वार, नए साल में इन पर होंगी पैसों की बरसात

आए दिन पलट रहे अनियंत्रित ट्रक
सूत्रों के अनुसार दो दिन पहले तालेड़ा हाइवे पर जरखोदा के यहां पर देर रात को चोरी छिपे बजरी लेकर जा रहा ट्रक असंतुलित होकर पलट गया था। बीच सडक़ पर बजरी फैल गई थी। जिसे बजरी ठेकेदार जेसीबी से ट्रॉलियों में भरवाकर ले गया। वहीं 22 दिसम्बर को केशवरायपाटन थाना क्षेत्र में गामछ फाटक के पास भी सडक़ किनारे एक बजरी का ट्रक पलट गया था। पांच दिन पहले बहादुर सिंह सर्किल के यहां भी बजरी का ट्रक पलटा था। यहां से भी बजरी की कालाबाजारी करने वाले तुरत फुरत में उसे खाली करके ले गए। इस तरह के कई हादसे इन दिनों हो रहे हैं।

बढ़ा दी दर
कालाबाजारी करने वाले तीन गुना दामों पर बजरी बेच रहे हैं। ऐसे में गरीब लोगों के निर्माण कार्य तो ठप हो गए, लेकिन सक्षम लोग महंगी दर पर बजरी खरीद रहे है।

सर्वेयर खनिज विभाग द्वितीय बूंदी के निकिता जैन ने बताया कि सदर थाना व तालेड़ा में जरखोदा के यहां मिले दोनों ट्रकों पर कुल दो लाख बारह हजार रुपए जुर्माना किया है। सदर पुलिस की कार्रवाई के बाद कुंभा स्टेडियम में बजरी की कोई ट्रॉली नहीं है। सूचना मिलेगी तो कार्रवाई करेंगे। नियमित रूप से जुर्माना करने की कार्रवाई जारी है।

Published on:
29 Dec 2017 04:40 pm