15 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

ACB ने औषधि निरीक्षक के खिलाफ किया मामला दर्ज, बूंदी के निजी अस्पताल संचालक से दवाओं में खामी बताकर रिश्वत मांगने का आरोप

बूंदी में ACB ने औषधि निरीक्षक रोहिताश नागर के खिलाफ निजी अस्पताल संचालक से दवाओं में खामी बताकर रिश्वत मांगने के आरोप में मामला दर्ज किया है। शिकायत के सत्यापन में 50 हजार रुपए की मांग की पुष्टि हुई, लेकिन सूचना लीक होने से ट्रैप कार्रवाई सफल नहीं हो सकी।
2 min read
Google source verification
bundi bribe case

फोटो: पत्रिका

Drug Inspector Rohitash Nagar Birbe Case: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बूंदी स्थित औषधि निरीक्षक कोटा निवासी रोहिताश नागर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। नागर पर एक निजी अस्पताल संचालक से दवाओं में कुछ खामियां पाए जाने पर रिश्वत मांगने का आरोप है। यह प्रकरण अप्रेल महीने का बताया जा रहा है। बूंदी एसीबी ने मामला दर्ज कर अनुसंधान के लिए पत्रावली एसीबी के कोटा ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल सिंह कानावत के पास भेज दी है।

चितौड़ रोड स्थित रघुवर हॉस्पिटल के संचालक डॉक्टर लक्ष्मण गुर्जर ने 23 अप्रेल 2026 को एसीबी चौकी को रिपोर्ट सौंपी थी। उन्होंने बताया था कि औषधि निरीक्षक नागर ने उनके हॉस्पिटल की दवा दुकान के निरीक्षण के नाम पर एक लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। दवाओं में कुछ खामियां बताई। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई थी लेकिन गोपनीयता भंग होने से यह कार्रवाई सफल नहीं हो सकी। हालांकि सत्यापन में 50 हजार रुपए की मांग की पुष्टि हुई। बूंदी एसीबी के उप उधीक्षक नीरज गुप्ता ने बताया कि इस पूरे प्रकरण में अन्य अधिकारी भी संदेह के दायरे में है।

सूचना लीक होने पर सवाल

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की एक ट्रैप योजना विफल होने के बाद अब बूंदी चौकी में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एसीबी महानिदेशक (डीजी) के हस्तक्षेप के बाद की गई है। जानकारी के अनुसार, परिवादी डॉ. गुर्जर ने 23 अप्रेल को एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद एसीबी टीम ने गोपनीय तरीके से जांच शुरू की। 23 मई को ट्रैप की योजना बनाई गई थी लेकिन कार्रवाई से एक दिन पहले ही सूचना लीक हो गई, जिससे यह योजना विफल हो गई। इस घटना से नाराज होकर डॉ. गुर्जर ने जयपुर में एसीबी डीजी से मुलाकात कर अपनी शिकायत उन्हें सौंपी। डीजी के हस्तक्षेप के बाद यह प्रकरण प्रक्रिया में था, जिस पर अब बूंदी चौकी में मुकदमा दर्ज किया गया है। ट्रैप की योजना कैसे विफल हुई, यह अब जांच का विषय है।

अस्पताल संचालक से दवाओं में कमी बताकर रिश्वत के मामले में बूंदी औषधि निरीक्षक रोहिताश नागर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया हैँ। अनुसंधान के लिए पत्रावली कोटा ग्रामीण एएसपी को भेज दी गई है।
नीरज गुप्ता,पुलिस उप अधीक्षक,बूंदी एसीबी चौकी