
बूंदी. बूंदी महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को विविध आयोजन हुए। यहां सुखमहल में देशी व्यंजन कत्त-बाफले से पावणों की मान-मनुहार की गई। चौकी में बैठाकर विदेशी पर्यटकों को हाड़ौती का प्रसिद्ध दाल-बाटी कत्त परसो गया, जिसका पावणो ने जमकर लुत्फ उठाया। एक-दूसरे को कत्त खिलाया। रानी रोहिणी कुमारी राजपूत महिला फाउंडेशन की ओर से पर्यटकों का तिलक लगाकर माला पहनाकर ओर साफा बंधवाकर स्वागत किया गया। अध्यक्ष रानी रोहिणी कुमारी की अगुवाई में रीना राणावत, राज प्रभा, पूनम, कंचन आदि महिलाओं ने महिला पर्यटको को लाख की चूडिय़ा भेंट की गई।
पावणो को सभापति भरत शर्मा, एडीएम एच. डी. सिंह, सीलिंग रमेश देव, उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा, इंटेक संयोजक राजकुमार दाधीच, सामाजिक कार्यकर्ता पुरुषोत्तम पारीक, जिला रसद अधिकारी शिवजीराम जाट ने कत्त खिलाया। लोक कलाकारों ने राजस्थानी गीतों पर प्रस्तुति दी। वहीं चित्रकारों ने कैनवास पर बूंदी की ऐतिहासिक बावडियों, किलों, परकोटे की बूंदी, टाइगर आदि अन्य चित्रों को उकेरा। जिला पर्यटन अधिकारी प्रेमशकर सैनी ने आभार जताया।
बूंदी महोत्सव तहत सुबह हेरिटेज वॉक व नेचर ट्रेकिंग का आयोजन सेव ऑवर हेरिटेज के तत्वावधान में किया गया। हेरिटेज वॉक का शुभारंभ उपखण्ड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीना व पुलिस उप अधीक्षक अनिल जोशी ने किया। स्वागत सेव ओवर हेरिटेज के अरिहंत सिंह ने किया। वॉक वन विभाग चौकी से शुरू होकर मांधता परिसर पहुंची, जहां सभी ने पूजा कर दर्शन किए। मांधता से नेचर ट्रेकिंग शुरू हुई जो ट्रेक से होते हुए टाइगर हिल छतरी पर पहुंची, जहां पर रामगढ़ अभ्यारण की प्रकृति की जानकारी दी गई। पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत, राजकुमार दाधीच, अजय नुवाल, विकास शर्मा, इशिका धनवानी, अंशिता गौतम, दीक्षा वर्मा, नारायण मंडोवरा सहित प्रकृति प्रेमी वॉक में शामिल रहे।
इंद्रगढ़. कस्बे में बूंदी महोत्सव के उपलक्ष्य में आस्था, संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। शिवदान सागर तालाब पर दीपदान एवं भव्य गंगा आरती के आयोजन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा, वहीं नगर पालिका परिसर में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने देर रात तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शिवदान सागर तालाब पर पंडित कृष्णा शर्मा, मोहित दीक्षित एवं राकेश गौड़ ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न करवाई। इस दौरान लाखेरी उपखंड अधिकारी जवाहर लाल जैन, तहसीलदार रामभरोस मीणा, नगर पालिका चेयरमैन बीना शर्मा एवं वाइस चेयरमैन अंजू राजावत, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष गिर्राज जैन ने पूजा-अर्चना कर भव्य महागंगा आरती में भाग लिया। दीपों की रोशनी से तालाब का नजारा बेहद आकर्षक दिखाई दिया।
नगर पालिका परिसर में बूंदी महोत्सव के तहत सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ रात्रि 8 बजे विधि-विधान से सरस्वती वंदना के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लाखेरी उपखंड अधिकारी जवाहर लाल जैन, इंद्रगढ़ तहसीलदार रामभरोस मीणा, अधिशासी अधिकारी देवेंद्र कुमार ङ्क्षजदल, थाना अधिकारी दीनदयाल वैष्णव, नगर पालिका चेयरमैन बीना शर्मा, वाइस चेयरमैन अंजू राजावत एवं भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष गिर्राज जैन उपस्थित रहे।
केशवरायपाटन. धार्मिक नगरी में रविवार को बूंदी महोत्सव के कार्यक्रम होंगे। नगरपालिका एवं प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव के कार्यक्रमों का शुभारंभ नाव घाट पर स्थित गणेश मंदिर पर गणपति पूजन के साथ होगा। नगर पालिका अध्यक्ष अनुराधा मलिक ने बताया कि प्रात: दस बजे केशव मंदिर पर केशव परिक्रमा लगाई जाएगी। इसके बाद केशव रंगमंच पर मेहंदी, कुर्सी दौड़, साफा बांधे सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। इसके बाद साढ़े तीन बजे सीएडी परिसर से शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा चम्बल नदी पहुंचेगी। शाम को आरती व दीपदान के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम व आतिशबाजी की जाएगी।