
Hadoti Weather News: हाड़ौती क्षेत्र में मौसम ने अचानक यू-टर्न ले लिया है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से कोटा, बूंदी समेत आसपास के जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया है। शनिवार को कई इलाकों में झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने क्षेत्र के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ दिनों तक तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई है।
हाड़ौती क्षेत्र में शनिवार को दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया। कोटा शहर में घने बादल छा गए और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। वहीं बूंदी जिले के कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब दस मिनट तक लगातार ओलावृष्टि हुई, जिससे सड़कों और खेतों में सफेद चादर जैसी स्थिति बन गई।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में राज्य के ऊपर एक परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। इसके साथ सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण राजस्थान के कई संभागों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। इसके असर से जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और बीकानेर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं तेज आंधी (40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा), बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। हालांकि जोधपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का कहना है कि 6 अप्रैल को दोपहर बाद एक और मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों सहित राज्य के कई क्षेत्रों में फिर से तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
7 अप्रैल को इस विक्षोभ का असर सबसे ज्यादा रहने की संभावना है। इस दौरान जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में तेज मेघगर्जन, 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, ओलावृष्टि और मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार खुले आसमान में पककर तैयार फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें। कृषि मंडियों और धान मंडियों में खुले में रखे अनाज और जिंसों को ढककर रखें या सुरक्षित भंडारण में रखें, ताकि बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान से बचाया जा सके।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक 8 अप्रैल को प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि बाकी अधिकांश क्षेत्रों में मौसम फिर से शुष्क रहने की संभावना है।