बूंदी

भारी बारिश से बूंदी जिले में बाढ़ के हालात, शनिवार देर रात से हो रही बरसात

Heavy Rain In Rajasthan: शनिवार देर रात 2 बजे से लगातार हो रही बारिश के बाद बूंदी जिले में बाढ़ के हालात पैदा हो गए। बूंदी शहर की कई निचली बस्तियों में पानी जमा हो गया है।
2 min read
• •
Jul 28, 2019
heavy rain in bundi

बूंदी। heavy rain In Rajasthan : शनिवार देर रात 2 बजे से लगातार हो रही बारिश के बाद बूंदी जिले में बाढ़ के हालात पैदा हो गए। बूंदी शहर की कई निचली बस्तियों में पानी जमा हो गया है। घरों में पानी घुसने से लोगों के घरेलू सामान भीग गए। बूंदी के बालचंद पाड़ा स्थित गोशाला में कई फीट पानी भर गया, जिससे तीन दर्जन से अधिक गोवंश काल का ग्रास बन गए।

न्यू कॉलोनी में पानी भरने के बाद जेसीबी से सड़क तोड़नी पड़ी। यही हाल बूंदी के चित्तौड़ रोड पर दिखाई दिए। यहां राइस मिलों में पानी घुस गया। जिससे मिलों में रखा कच्चा माल खराब हो गया। बूंदी की नवल सागर और जैतसागर झील लबालब हो गई। दोनों ही झीलों में चादर शुरू हो गई। इधर, बरधा बांध पर भी चादर शुरू होने के बाद सैकड़ों लोग पिकनिक मनाने पहुंच गए।

बूंदी जिले के अन्य इलाकों में भी तेज बारिश के बाद बाढ़ के हालात पैदा हो गए। जिले में झालीजी का बराना-गेण्डोली, नमाना-बूंदी, बूंदी-श्यामू रास्ते बंद हो गए हैं। राजस्थान में बारिश का आंकड़ा सामान्य के करीब पहुंच गया है। 27 जुलाई तक सामान्य बारिश 225.74 मिमी होनी चाहिए, जबकि 225.44 मिमी हो चुकी है।

सिंचाई विभाग के अनुसार प्रदेश में 810 बांध हैं, इनमें से 12 पर चादर चल गई है। सिलीसेढ़ में 3 फुट 4 इंच, मंगलसर में 11 फुट 7 इंच, मानसरोवर में 14 फुट, जयसागर में 16 फुट , जैतपुर 11 फुट तथा समरसरोवर में 8 फुट पानी की आवक हुई है। पुष्कर सरोवर का जलस्तर 12 फुट पहुंचा। प्रतापगढ़ जिले का बजरंगढ बांध लबालब।

दौसा के मोरेल बांध में 14 फुट, मोरेल नदी में 6 फुट, सैंथल सागर बांध में 18 फुट पानी भरा। सवाईमाधोपुर के मानसरोवर बांध में सर्वाधिक 22 फीट पानी की आवक। सपोटरा के प्रमुख बांध कालीसिल में पानी की आवक हुई, बीगोद में त्रिवेणी नदी का गेज बढक़र 2 मीटर हुआ। भीलवाडा में मेनाल बांध पर चादर चली।

Updated on:
28 Jul 2019 12:35 pm
Published on:
28 Jul 2019 12:33 pm