बूंदी

इंटरनेट बैंकिंग बनी मुसीबत: विधवा के खाते से पौने पन्द्रह लाख रुपए निकाले, पुलिस ने माना साइबर क्राइम

नैनवां थाना क्षेत्र के बामनगांव निवासी एक विधवा महिला के बैंक खाते से इंटरनेट बैंकिंग के जरिए पौने पन्द्रह लाख रुपए
2 min read
• •
Updated: 4 Mar 2018, 12:16 PM IST
Internet Banking Trouble: The widow's account extracted 15 lakh rupees

बूंदी. भंडेडा. नैनवां थाना क्षेत्र के बामनगांव निवासी एक विधवा महिला के बैंक खाते से इंटरनेट बैंकिंग के जरिए पौने पन्द्रह लाख रुपए निकालने का मामला सामने आया है। महिला ने बूंदी के सदर थाने में पहुंचकर शुक्रवार को साइबर क्राइम की धाराओं में मामला दर्ज कराया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बामनगांव निवासी सुनीता शर्मा ने बताया कि पति के देहान्त के बाद क्लेम और पेंशन की समूची रकम उसके नैनवां स्थित एसबीआई के खाते में थी। इस जमा पूंजी को परिवार पालने के लिए रखा हुआ था। वह 9 फरवरी को नैनवां बैंक में गई और पर्ची से पांच हजार रुपए निकाल कर लाई। इसके बाद 12 फरवरी को पन्द्रह सौ रुपए निकाले। तब तक बैंक में पूरा बैलेंस जमा था।
इसके बाद एक मार्च को पुत्र लक्की शर्मा ने घर खर्च के लिए एटीएम कार्ड से एक मार्च को तीन हजार रुपए निकाले। तब बैंक खाते की एटीएम से पर्ची मिली तो पता चला कि खाते में अब मात्र दो हजार 396 रुपए ही शेष बचे हैं। जबकि बैंक खाते में करीब 14 लाख रुपए रहने चाहिए थे। इस मामले को लेकर वह नैनवां बैंक में पहुंची लेकिन कोई मदद नहीं मिली। बाद में नैनवां थाने में पहुंची जहां से उसे बूंदी के सदर थाने में भेज दिया गया। यहां मामले की पूरी जानकारी देने पर पुलिस ने साइबर क्राइम की धराओं में मामला दर्ज कर लिया। महिला अपने रिश्तेदारों के साथ नैनवां के बैंक की शाखा पहुंची तो खाते से 14 लाख 69 हजार 235 रुपए ओनलाइन नेफ्ट होने की जानकारी सामने आई। यह राशि 20 व 21 फरवरी को इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से चार अलग-अलग खातों में जमा हो गए। पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि वह सातवीं कक्षा तक पढ़ी हैं जिसे इंटरनेट बैंकिंग का कोई ज्ञान नहीं हैं। ऐसे में उसके साथ हुई धोखाधड़ी में कहीं बैंक प्रबन्धन की भी भूमिका संदिग्ध रही है। सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Published on: