बूंदी

Bundi News: 4 साल के बेटे को बचाने के चक्कर में मां की भी हो गई मौत, अब दोनों का एक साथ हुआ अंतिम संस्कार

Mother-Son Died Together: बूंदी जिले के डाबी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में पानी से भरी खदान में डूबने से मां और 4 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। बेटे को बचाने के प्रयास में मां ने भी पानी में छलांग लगा दी, जिससे दोनों की जान चली गई।
2 min read
May 18, 2026
Bundi Mother-Son Death
मृतक मां और बेटे का फाइल फोटो: पत्रिका

Rajasthan News: बूंदी के डाबी थाना क्षेत्र के गुड्डा में पानी से भरी खदान में डूबने से शनिवार शाम को मां और बेटे की मौत हो गई थी। रविवार को डाबी थाना पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इसके बाद सोमवार को गांव में दोनों का एक साथ अंतिम संस्कार हुआ। अंतिम संस्कार के दौरान वहां मौजूद सभी परिजनों की आंख नम हो गई और पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया।

बेटे को डूबता देख बचाने पहुंची मां

गौरतलब है कि खातरी शाहबाद जिला बारां निवासी सूरज भील की पत्नी सुनकी बाई (30) अपने चार बच्चों सहित एक पानी से भरी खदान पर कपड़े धोने के लिए गई थी। यहां चारों बच्चों में से खेलते हुए 4 वर्षीय सोनू अचानक पानी में गिर गया। बेटे को पानी में डूबते देख मां सुनकी बाई ने भी बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी।

सुनकी बाई को तैरना नहीं आता था जिसके कारण वह और मासूम बेटा सोनू दोनों गहरे पानी में डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया जिसके बाद पति सूरज भील सहित अन्य ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मां-बेटे को पानी से बाहर निकाला।

दोनों को तत्काल परिजन कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया था। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई। सोमवार को अंतिम संस्कार के दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ मौजूद रही और सभी ने नम आंखों से मां और बेटे को अंतिम विदाई दी।

बाइक डिवाइडर से टकराई, दम्पती घायल

दूसरी घटना में बूंदी के केशवरायपाटन कोटा-दौसा मेगा स्टेट हाइवे पर रविवार को कोटा जाते समय बाइक सवार गामछ के नाले के डिवाइडर से टकरा कर घायल हो गया। जयस्थल गांव के पास स्थित बालदडा गांव निवासी परमानन्द जांगिड़ ( 37) अपनी पत्नी व तीन वर्षीय पुत्री के साथ बाइक से कोटा आवली रोझडी जा रहा था। गामछ में बाईक नाले के डिवाइडर से टकरा गई ।

बाइक चालक परमानन्द घायल हो गया। उसके एक पांव व एक हाथ फेक्चर हो गया, साथ में उनकी पत्नी भी को भी चोटें आई। बीच में बैठी एक 3 साल कि बच्ची उछल कर गड्ढे में गिर गई, लेकिन वह सुरक्षित बच गई। घायलों का कोटा चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

Updated on:
18 May 2026 08:16 am
Published on:
18 May 2026 08:16 am