
बूंदी. जिले की सात पंचायत समितियों की 195 ग्राम पंचायतों में 1480 सरपंच और 3699 वार्ड पंच प्रत्याशियों के लिए मतदान को लेकर लोगों ने उत्साह के साथ मतदान किया। सुबह से ही बूथों पर कतारे लगना शुरू हो गई। इस दौरान बूथों पर युवा, बुजुर्ग, दिव्यांग, बीमार लोग भी मतदान करने में पीछे नहीं रहे। इस लोगों ने पोलिंग बूथों पर पहुंचकर मतदान किया।
हिण्डोली. गांव की सरकार के हो रहे चुनाव में सुबह 7.30 बजे से ही ग्रामीण अंचलों के मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
ग्राम पंचायत विजयगढ़ ,देव जी का थाना ,गोकुलपुरा ,टोकडा में सुबह से ही मतदाताओं की कतारे लग गई है। यहां पर बड़ी संख्या में चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं को सुबह से ही घरों से निकालने में लगे हुए हैं। सहसपुरिया,फांलेडा, चतरगंज में भी सूर्य की रोशनी के साथ ही मतदाताओं की कतारें शुरू हो रही है। मतदान केदो के बाहर लगे पर्ची काउंटर पर मेलों व उत्सव जैसा माहौल है। प्रत्याशियों के समर्थक हाथों में चुनाव चिन्ह लेकर जोर-जोर से मतदाताओं को चिन्ह बता कर उन्हें रिझाने का प्रयास कर रहे हैं।वही सेक्टर मजिस्ट्रेट ,जोनल मजिस्ट्रेट व प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण शुरू कर दिया है।
केशवरायपाटन. पंचायत समिति की 26 ग्राम पंचायतों में मतदान शुरू होते ही मतदाता घरों से निकलने शुरू हो गए हैं। कार्यकर्ताओं ने घरों से मतदाताओं को निकालने का अभियान चलाया। बाहर गांवों में गाडिय़ां लगाई गई।
खटकड़. पहले मतदान बाद में काम। महिलाएं इसी सोच के साथ भारी संख्या में मतदान देने पहुंची। यहां राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में चार बूथों 20,21,22, ओर 23 पर सुबह आठ बजे से ही महिला ओर पुरुष मतदाताओं की लंबी लाइन दिखी। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या अधिक रही। नोताडा.कस्बे सहीत क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में आयोजित हो रहे पंच सरपंच के चुनाव को लेकर क्षेत्र के मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला ।
वहीं दूसरी ओर सोमवार को जिले की सात पंचायत समितियों की 195 ग्राम पंचायतों में 1480 सरपंच और 3699 वार्ड पंच प्रत्याशियों के लिए मतदान होगा। सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू होगी और रात तक गांवों को अपने नए सरपंच मिल जाएंगे। पंचायतीराज चुनाव के चतुर्थ चरण में बूंदी, केशवरायपाटन, हिण्डोली, नैनवां, लाखेरी, दबलाना और खटकड़ पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में चुनाव कराए जाएंगे। कुल 5 लाख 93 हजार 700 मतदाता मतदान करेंगे। वहीं उपसरपंच का निर्वाचन मंगलवार, 17 नवंबर को होगा।
चुनावी प्रचार के आखिरी दौर में प्रत्याशियों ने पूरी ताकत झोंक दी। कोई समर्थकों की टोली के साथ घर-घर पहुंचा तो कोई मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर वोट मांगता नजर आया। किसी ने विकास के वादे किए तो किसी ने पुराने रिश्तों और मेल-मिलाप का वास्ता दिया। ढोक देकर आशीर्वाद मांगने से लेकर मान-मनुहार तक के तमाम जतन किए गए। देर रात तक गांवों में चुनावी चर्चाएं और प्रत्याशियों की आवाजाही जारी रही।
रविवार को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रत्याशियों में खासा उत्साह देखने को मिला। समर्थकों के साथ गाजे-बाजे के बीच प्रत्याशी नामांकन दाखिल करने पहुंचे। सुबह 11.30 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा हुई। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए गए।