बूंदी

Rajasthan Crime: 16 साल की पोती की हत्या करने वाला दादा गिरफ्तार, घर लौटे माता-पिता को अचेत मिली थी बेटी

बूंदी जिले के नैनवां थाना क्षेत्र के दुगारी गांव की कालबेलिया बस्ती में 16 साल पोती की हत्या के आरोपी दादा मोहननाथ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 11:30 AM IST
Bundi Murder Case
पोती की हत्या का आरोपी दादा। फोटो: पत्रिका

बूंदी। बूंदी जिले के नैनवां थाना क्षेत्र के दुगारी गांव की कालबेलिया बस्ती में 16 साल पोती की हत्या के आरोपी दादा मोहननाथ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पारिवारिक कहासुनी के बाद आरोपी दादा ने शुक्रवार रात अपनी पोती पूजा पर धारदार हथियार से हमला किया था। गंभीर घायल पूजा ने शनिवार को कोटा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया था। पुलिस ने तलाश करते हुए उसे शनिवार रात हिंडोली के पास पकड़ लिया।

थानाधिकारी हेमराज मीणा ने बताया कि मृतका के पिता नारायण नाथ की रिपोर्ट पर आरोपी मोहननाथ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर एमओबी और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी घर से फरार हो गया था। उसकी तलाश में जुटी पुलिस टीम को आरोपी के सिसोला पहुंचने की जानकारी मिली। इसके बाद वह बस से मैड़ी और फिर हिंडोली की ओर रवाना हुआ। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी रही और शनिवार रात हिंडोली के पास उसे पकड़ लिया। थाने लाकर पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

न्यायालय ने एक दिन के रिमांड पर सौंपा

पुलिस ने आरोपी को रविवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में थानाधिकारी हेमराज मीणा के अलावा एएसआई महेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल भंवर सिंह और खुमान सिंह तथा कांस्टेबल सुरेश, कमलेश, विनोद, राकेश और बुधराज शामिल थे।

ये है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात घर पर दादा मोहननाथ और उसकी 16 वर्षीय पोती पूजा मौजूद थे। इसी दौरान पारिवारिक विवाद में कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में मोहननाथ ने पूजा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह अचेत हो गई थी। वारदात के बाद आरोपी दादा घर से फरार हो गया। देर रात जब माता-पिता घर लौटे तो बेटी पूजा अचेत हालत में मिली थी। परिजन उसे उपचार के लिए बूंदी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में कोटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई थी।

Updated on:
26 Oct 2026, 11:30 AM IST
Published on: