
Bundi Nainwa News: बूंदी जिले के नैनवां शहर की रहने वाली 25 साल की विवाहिता की मुंबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद बुधवार को मामला गरमा गया। विवाहिता का शव लेकर पीहर पक्ष के लोग नैनवां थाने पहुंच गए। उनके साथ बागरिया समाज के लोग भी थाने पर एकत्रित हो गए। परिजनों ने पति, ससुर सहित ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, नैनवां शहर के वार्ड संख्या-20 स्थित बंजारी बावड़ी निवासी गुड्डी बाई अपने पति के साथ मुंबई में रह रही थी। गत 22 नवंबर को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मुंबई के तलोजा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। वहीं, विवाहिता की मौत की सूचना मिलने पर उसके पिता ने 22 नवंबर को ही नैनवां थाने में ससुराल पक्ष के तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दी थी।
बुधवार को मुंबई से शव लेकर नैनवां पहुंचे परिजन सीधे थाने पहुंच गए। इसकी जानकारी मिलने पर बागरिया समाज के लोग भी थाने पर एकत्रित हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक ओमप्रकाश मीणा थाने पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। उन्होंने मामले की जानकारी जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
पुलिस उपाधीक्षक ओमप्रकाश मीणा ने बताया कि विवाहिता की मौत मुंबई में हुई है और वहीं की पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाया है। मुंबई पुलिस से प्रकरण और जांच संबंधी जानकारी प्राप्त करने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शव लेकर घर चले गए। अंतिम संस्कार होने तक नैनवां थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही।