बूंदी

अंधविश्वास ने ली विवाहिता की जान

सर्पदंश से पीडि़त सहण गांव निवासी एक विवाहिता की अंधविश्वास के चलते जान चली गई।
less than 1 minute read
• •
Updated: 21 Jul 2018, 7:58 PM IST
superstition of married Woman suffering from snakebite,
अंधविश्वास ने ली विवाहिता की जान

बूंदीकरवर. सर्पदंश से पीडि़त सहण गांव निवासी एक विवाहिता की अंधविश्वास के चलते शुक्रवार देर रात जान चली गई। परिजनों व एएसआई कानाराम ने बताया कि सहण निवासी धन्नी बाई (40) शुक्रवार सुबह 9 बजे अपने खेत पर सब्जी लगाने गई थी। वहां पर सर्पदंश से वह अचेत हो गई।

विवाहिता के चिल्लाने पर खेत पर मौजूद परिजन उसे माणी पंचायत के खुशालीपुरा गांव में स्थित देव स्थान पर ले गए। दिनभर वहां पर झाड़ फूंक करवाया गया। आराम नहीं आने पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए कोटा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया, जहां पर देर रात को विवाहिता की मौत हो गई।

परिजनों ने इसकी सूचना करवर थाने पर दी। पुलिस शव को सामुदायिक चिकित्सालय करवर लेकर आई। शनिवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।


समय पर उपचार मिलता तो...


सहण निवासी धन्नी को शुक्रवार सुबह सर्पदंश से पीडि़त होने के बाद यदि परिजन उपचार के लिए देवस्थान की बजाए चिकित्सालय ले जाते तो शायद उसकी जान बच सकती थी। समय पर प्राथमिक उपचार नहीं मिलने से उसकी जान चली गई।

Published on: