बूंदी

यूं मिल रहा साधारण रोगियों को उपहार में क्षय रोग का संक्रमण

चिकित्सा विभाग की अनदेखी बूंदी जिला चिकित्सालय में आम रोगियों को क्षय रोग उपहार में दे रही है।

2 min read
Jun 05, 2018
Tuberculosis infection in common gifts to ordinary patients
यूं मिल रहा साधारण रोगियों को उपहार में क्षय रोग का संक्रमण

बूंदी. चिकित्सा विभाग की अनदेखी बूंदी जिला चिकित्सालय में आम रोगियों को क्षय रोग उपहार में दे रही है। अस्पताल के मेडिकल वार्ड में साधारण उल्टी, दस्त, बुखार के रोगी के साथ ही क्षय रोग से पीडि़त गंभीर रोगियों को भी भर्ती किया जाता है। ऐसे में तबीयत ठीक करने के लिए उपचार लेने वाला आम रोगी सीधा क्षय रोगी के संक्रमण की चपेट में आ रहा है। यह सब कुछ जिला अस्पताल प्रशासन को मालूम है, फिर भी क्षय रोग के फैल रहे संक्रमण को रोकने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए जा रहे।
मेडिकल वार्ड के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लंबे समय से क्षय रोग से पीडि़त गंभीर रोगी को मेडिकल वार्ड में ही भर्ती किया जाता है। जिससे वार्ड में संक्रमण फैलने की पूरी संभावना बनी रहती है। रोगियों के स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव पड़ रहा है। इसके बावजूद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग आंखें बंद किए बैठा है।

चिकित्सा विभाग के खिलाफ हो कार्रवाई
जानकारों की माने तो क्षय रोग से पीडि़त संक्रमित रोगी को मेडिकल वार्ड के साधारण रोगियों के साथ भर्ती नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद चिकित्सा विभाग संक्रमित रोगी को साधारण रोगी के साथ भर्ती कर रहा है। जिससे साधारण रोगी क्षय रोग के संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। ऐसी लापरवाही करने वाले चिकित्सा विभाग के आला अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

टीबी क्लिनिक में हो भर्ती
जिला अस्पताल परिसर में टीबी क्लिनिक संचालित है। जहां पर क्षय रोगियों के परामर्श व उपचार के लिए जिला क्षय रोग अधिकारी, जांच के लिए आधुनिक मशीनें सहित तमाम व्यवस्थाएं हैं। क्लिनिक में पर्याप्त मात्रा में स्टॉफ भी लगा हुआ है। वहां पर भर्ती के लिए वार्ड भी बने हुए हैं। इसके बाद भी टीबी क्लिनिक में क्षय रोगियों को भर्ती करने की व्यवस्था नहीं की जा रही।

जिला अस्पताल के कार्यवाहक पीएमओ डॉ. टी.सी.महावर का कहना है कि उच्च स्तर से क्षय रोगियों के लिए निर्देश आए हैं। जिसमें चार पलंग लगाकर अलग से वार्ड बनाना है। जब तक वार्ड की व्यवस्था नहीं हो जाती तब तक जहां जगह मिले वहीं पर व्यवस्था करने के निर्देश हैं।

Published on:
05 Jun 2018 12:19 pm