
सवाईमाधोपुर चकचैनपुरा हवाई पट्टी के पास हाइवे पर जाम लगाने के लिए डाले गए पत्थर।
सवाईमाधोपुर. जिला मुख्यालय पर पानी की समस्या को लेकर आए दिन हो रहा हंगामा थमने का नाम नही ले रहा है। विगत तीन माह से पेयजल समस्या से जूझ रहे सीमेन्ट फैक्ट्री साहू नगर के बाशिंदों के सब्र का बांध भी सोमवार को टूट गया और आक्रोशित लोगों ने चकचैनपुरा हवाई पट्टी के नजदीक लालसोट कोटा मेगा हाइवे पर जाम लगा दिया। लोगों ने जलदाय विभाग सहित जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची मानटाउन थाना पुलिस और जलदाय विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों की समझाइश करने का प्रयास किया,
लेकिन आक्रोशित लोग जाम खोलने को तैयार नही हुए। जिसके कारण मेगा हाइवे पर दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लग गईं। इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने मोर्चा संभालते हुए मेगा हाइवे पर पुलिस के बैरियर और कांटे एवं पत्थर डालकर मेगा हाइवे को पूरी तरह से जाम कर दिया।स्थानीय लोगों का कहना था कि सीमेंट फैक्ट्री इलाके में पिछले तीन महीने से पेयजल की भारी किल्लत चल रही है । जलदाय विभाग के अधिकारी बार-बार जलापूर्ति सुचारू करने की बात कह कर मामला शांत करा देते हैं,
लेकिन आज तक उन्हें पीने का पानी मुहैया नहीं हो पा रहा है। आक्रोशित लोगों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को जमकर खरी खोटी सुनाई। करीब 1 घंटे तक मेगा हाइवे जाम रहने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर रहे महिलाओं एवं लोगों से समझाइश की और जाम खुलवाया। इस दौरान जलदाय विभाग के अधिकारियों ने मौके पर टैंकर से जल आपूर्ति करने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि कल तक पाइपलाइन को जोड़कर पानी की व्यवस्था दुरुस्त करा दी जाएगी। तब जाकर कहीं मामला शांत हआ।
समस्या से निजात दिलाने की मांग जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
सवाईमाधोपुर. पेयजल संकट से जूझ रहे वार्ड 41 के लोगों ने सोमवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर पेयजल संकट से निजात दिलाने की मांग की। पार्षद कमलेश बैरवा ने बताया कि वार्ड में गोपालपुरा ढाणी में पेयजल संकट बना हुआ है। यहां ना तो पानी की टंकी है और ना ही बोरिंग ऐसे में लोगों को दूरदराज के क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है। इस संबंध में कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों को अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इस दौरान रामपाल, ओमप्रकाश, मीरा व सीता आदि मौजूद थे।
भैरव दरवाजे पर फिर लगाया जाम
सवाईमाधोपुर. शहर स्थित वार्ड 32 के लोगों ने भैरव दरवाजे पर जाम लगा दिया। इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लग गईं और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में कोतवाली पुलिस ने लोगों की समझाइश कर जाम खुलवाया और यातायात को सुचारू कराया। लोग भैरव दरवाजे स्थित जलदाय विभाग कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को जमकर खरीखोटी सुनाई। पार्षद गिरधारीलाल रैगर ने बताया कि वार्ड के रैगर मोहल्ले में करीब दो माह से जलापूर्ति नहीं हो रही है।
पूर्व में यहां पर बोरिंग से जलापूर्ति हो रही थी, लेकिन करीब एक माह से बोरिंग खराब है। विभागीय अधिकारी बोरिंग में नया पाइप नहीं डाल रहे है और ना ही वार्ड में टैंकरों से जलापूर्ति हो रही है। ऐसे में लोगों में रोष है।
Published on:
05 Jun 2018 10:44 am
