बूंदी

मातम में बदली त्योहार की खुशियां, सड़क हादसे में दो युवकों की मौत

एनएच 116 पर टोंक-उनियारा के बीच मंगलवार रात को टोंक जिले के बनेठा थाना क्षेत्र में ककोड़ के पास सड़क दुर्घटना में नैनवां निवासी बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई व तीसरा युवक घायल हो गया।
2 min read
• •
Updated: 19 Apr 2023, 8:24 PM IST
two youth died in road accident in bundi

नैनवां (बूंदी)। एनएच 116 पर टोंक-उनियारा के बीच मंगलवार रात को टोंक जिले के बनेठा थाना क्षेत्र में ककोड़ के पास सड़क दुर्घटना में नैनवां निवासी बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई व तीसरा युवक घायल हो गया। बाइक सवार तीनों युवक नैनवां के शेखापाड़ा निवासी 19 वर्षीय सईद मोहम्मद, टोडापोल इमाम चौक निवासी 18 वर्षीय मोहम्मद रिहान व चुंगीनाका के पास रहने वाले 19 वर्षीय इमरान रात को ईद के कपड़ों की खरीदारी के लिए बाइक से नैनवां से टोंक जा रहे थे। तीनों ही दोस्त थे।

रात साढ़े 12 बजे के आसपास ककोड़ के पास अज्ञात वाहन से भिड़ंत हो गई। बनेठा पुलिस के अनुसार मौके से तीनों घायलों को 108 एम्बुलेंस से टोंक चिकित्सालय पहुंचाया, जिनमें से दो युवकों सईद व रिहान को जांच के बाद चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

हादसे ने दोनों मृतकों के परिवारों से ईद की खुशियां मातम में बदल दी। घायल इमरान को जयपुर रैफर कर दिया। मृतकों व घायल की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। रात को ही मृतकों के परिजन टोंक चिकित्सालय पहुंचे। परिजनों की मौजूदगी में बुधवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

ताले-चाबी की दुकान लगाते थे
दोनों मृतक सईद व रिहान ताले-चाबी की दुकाने लगाते थे।दो दिन बाद आ रहे ईद के त्योहार के लिए कपड़े लेने के लिए मंगलवार रात को टोंक जाते समय यह हादसा हो गया। दोनों परिवारों में ईद की खुशियां मातम में बदल गई।

सड़क पर फैला खून
नैनवां निवासी मोहम्मद रिहान, सईद और इमरान तीनों दोस्त घर से नमाज पढ़ने के लिए निकले थे। नमाज पढ़ने के बाद रात करीब 11.30 बजे ईद के त्योहार पर कपड़े लेने के लिए टोंक रवाना हुए। तीनों दोस्त एक ही बाइक पर रवाना हुए और किसी ने भी हेलमेट नहीं लगा रखा था। उन्होंने बताया कि रास्ते में अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों उछलकर सड़क पर गिरे और सिर में चोट लगने से सड़क पर खून फैल गया।

सिर में गंभीर चोट लगने से मोहम्मद रिहान और सईद की मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार सुबह पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द किया। दोनों युवकों के शव जब नैनवां उनके घर पहुंचे तो घरों में कोहराम मच गया। परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया।

Published on: