बूंदी

ट्रैक्टर की टक्कर से हुई थी बाइक सवार दोनों युवकों की मौत, पसरा मातम

नैनवां थाना क्षेत्र के रजलावता गांव के पास बामनगांव रोड पर घायल अवस्था में मिले युवक बाइक पर सवार थे। ट्रैक्टर द्वारा युवकों की बाइक के टक्कर मारने से तीनों युवक घायल अवस्था में सड़क पर पड़े थे।
2 min read
• •
Updated: 24 Sep 2023, 3:16 PM IST
Two youths died in a collision with a tractor in Bundi

बूंदी। नैनवां थाना क्षेत्र के रजलावता गांव के पास बामनगांव रोड पर शुक्रवार रात को सड़क पर घायल अवस्था में मिले युवक बाइक पर सवार थे। ट्रैक्टर द्वारा युवकों की बाइक के टक्कर मारने से तीनों युवक घायल अवस्था में सड़क पर पड़े थे। ट्रैक्टर की टक्कर से तीनों घायलों में से 20 वर्षीय जितेंद्र उर्फ जीतू व 22 वर्षीय सिंटू की मौत हो गई थी, वहीं एक युवक गंभीर घायल हो गया था।

युवक सदा सुखजी के मेले में से एक साथी युवक को घर पर छोड़ने जा रहे थे, इसी दौरान बामनगांव रोड़ पर कुछ दूरी पर ही सामने से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक के टक्कर मारी दी, जिससे तीनों युवक गंभीर घायल हो गए। लोगों ने तीनों घायलों को नैनवां चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया, वहीं एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने से जयपुर रैफर कर दिया, जिसका ट्रोमा सेंटर पर उपचार चल रहा है।

शनिवार सुबह थाने से एएसआई शंकरलाल यादव व बंशीलाल ने नैनवां उपजिला चिकित्सालय पहुंच शवों का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सुपुर्द किया। एएसआई ने मृतको के चेचेरे भाई की रिपोर्ट पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

चार माह में सुहाग उजड़ गया
हादसे में मृतक सिंटू की चार माह पहले ही शादी हुई थी। सिंटू की शादी नैनवां तहसील के ही तुलसीपुरा गांव की मधु से शादी हुई थी। मधु अभी ससुराल आ पाई थी कि उससे पहले ही हादसे ने उसका सुहाग उजड़ गया।

हर आंख नम हो गई
जैसे ही दोनों युवकों के शव उनके गांव रजलावता पहुंचे तो दोनों के घरों में परिजनों कोहराम मच गया। घरों से दोनों की अर्थियां उठी तो अंतिम यात्रा में शामिल हर आंख नम हो गई। गांव के जवान बेटों की मौत से गांव में मातम पसरा रहा।

Published on: