अरावली की पहाडिय़ों पर धड़ल्ले से हो रहा अवैध खनन, कोई भी विभाग इस पर नहीं लगा रहा लगाम, ग्रामीणों ने दी लोकायुक्त एवं खनि विभाग को शिकायत
हिण्डोली. देवजी का थाना ग्राम पंचायत के निकट अरावली की पहाडिय़ों से ग्राम पंचायत अवैध तरीके से खनन करवाकर पत्थरों को सरकारी निर्माण में काम ले रहे हैं। इस पर ग्रामीणों ने रोष जताया है। ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत लोकायुक्त एवं खनि अभियंता को सौंपी है।
जानकारी के अनुसार थाना पंचायत की ओर से इन दिनों मुक्तिधाम के चारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है। चारदीवारी निर्माण के लिए ग्राम पंचायत की ओर से गांव के पास अरावली की पर्वतमाला में जेसीबी लगाकर अवैध तरीके से खनन कर पत्थरों को पंचायत के पीछे डलवाकर ढेर करवा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यहां पर विकास कार्य में भी लोकल स्तर की सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।ईंटों की गुणवत्ता को भी नहीं जांचा जा रहा है।
गांव के सी.पी. मेघवाल ने बताया कि पहाड़ी पर बड़ी मात्रा में अवैध तरीके से खनन किया जा रहा है। जिसकी शिकायत कोटा सीनियर खनि अभियंता, बंूंदी, जिला व उपखंड प्रशासन एवं लोकायुक्त को भेजी है। मेघवाल ने बताया कि गत दिनों खनि विभाग की टीम आई थी, लेकिन मौके पर नहीं जाकर गांव से ही लौट गई।
खोखली हो रही पहाडिय़ां
धड़ल्ले से हो रहे अवैध खनन के चलते अरावली की पहाडिय़ां खोखली होती जा रही है। पहाड़ी के अस्तित्व को भी संकट हो रहा है। रोक नहीं होने से अवैध पर लगाम नहीं लग पा रही है। इस सम्बंध में ग्रामीण कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
सख्ती की दरकार
ग्रामीणों ने बताया कि पहाड़ी पर दिनरात अवैध खनन किया जा रहा है। सुबह होते ही खननकर्ता यहां पर अपने संसाधन लेकर पहुंच जाते हैं और खनन करने में जुट जाते हैं। अपने साथ वाहन व मजूदरों को लेकर भी आते हैं, जो आते ही खनन में जुट जाते हैं। कोई विभाग इन पहाडिय़ों की सुध नहीं ले रहा है। जिससे पहाडियां खोखली होती जा रही है। ग्रामीण रोकने का प्रयास करते हैं तो खननकर्ता उन्हें धमकाते हैं, जिससे खनन पर रोक नहीं लग पा रही है।