MP News: सीएम मोहन यादव ने यहां केला प्रोसेसिंग यूनिट और केला केंद्र बनाने का ऐलान किया। इसका फायदा केला उत्पादक इन 3 जिलों को भी होगा। इसी कार्यक्रम में प्रदेश के एक जिले का नाम बदलने का मुद्दा उठा।
CM Mohan Yadav- प्रदेश में केले की खेती को बढ़ावा देने, उच्च गुणवत्ता के केले उत्पादित करने और मार्केटिंग कर निर्यात करने के लिए सरकार ने रोडमैप तैयार कर लिया है। इसके तहत दो बड़े काम होंगे। पहला आधुनिक वैल्यू एडिशन, भंडारण व प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की जाएंगी। दूसरा, सेंटर फॉर एक्सीलेंस केला केंद्र बनेंगे। शुरुआत वैल्यू एडिशन, भंडारण व प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना से होंगी। अभी प्रदेश में ऐसी इकाई व केंद्र नहीं है।
पहली इकाई बुरहानपुर में स्थापित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को जिले के प्रवास के दौरान घोषणा की। इसका फायदा केला उत्पादक जिले खंडवा, खरगोन व बड़वानी को भी होगा। इसके अलावा कार्यक्रम में बुरहानपुर जिले का नाम बदलने का मुद्दा उठा। (MP News)
सीएम ने बुरहानपुर जिले में मिनी एयरपोर्ट की भी घोषणा की। शाहपुर को नगर पालिका, वारकरी समुदाय के लिए कीर्तन केंद्र, बुरहानपुर की सूत मिल के श्रमिकों की बकाया भुगतान करने की घोषणा के साथ 696.37 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण किया। सरकार 2026 को कृषक कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। बालाघाट व निमाड़ क्षेत्र में कृषि कैबिनेट करने की घोषणा की है। इसमें किसानों के कल्याण से जुड़े बड़े निर्णय लिया जा सकते हैं। अब बुरहानपुर जिले में सीएम ने पहली कृषि आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव की घोषणा की है।
केले की खेती मप्र के लिए काफी अहम है। कृषक कल्याण वर्ष में ऐसी सभी नकदी फसलों को सरकार प्रोत्साहित करने जा रही है। ब्रांडिंग से लेकर खेती करने के तौर-तरीकों में भी आधुनिकपन लाया जाएगा। किसानों को प्रशिक्षण दिया जाना है। यह काम सेंटर फॉर एक्सीलेंस केंद्रों के तहत होने हैं। सूत्रों के अनुसर इसके लिए बुरहानपुर में पूर्व से सेंटर खोले जाने को लेकर तैयारी की जा रही है।
कार्यक्रम में बुरहानपुर विधायक पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस ने शाहपुर को श्रीरामचन्द्र गमन पथ में शामिल करने की मांग की। उन्होंने बुरहानपुर का नाम बदलकर ब्रह्मपुर करने का भी आग्रह किया। बता दें कि, सीएम मोहन यादव ने पिछले साल करीब 70 जगहों के नाम बदलने की घोषणा की थी। सीएम ने अलीराजपुर का नाम बदलकर आलीराजपुर करने फैसला लिया था। इसके आलावा विदिशा के गंजबासौदा का नाम बदलकर वासुदेव नगर करने का भी ऐलान किया था। (MP News)