
Burhanpur News :मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से सऊदी अरब के मक्का और मदीना शहर धार्मिक यात्रा (उमराह) पर गए यात्रियों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। दरअसल, हूति हमलों और ईरान के युद्द के चलते भारत की ओर से सुरक्षा की दृष्टि से अरब के बीच हवाई सेवाएं रोक दी हैं। ऐसे में भारत से धार्मिक यात्रा पर गए हजारों यात्री वहां फंस गए हैं। इनमें बुरहानपुर के भी करीब 15 से अदिक यात्री शामिल हैं।
ऐसे में सऊदी अरब में फंसे लोगों की बुरहानपुर में रहने वाले परिवारों की भी चिंता बढ़ गई है। परिवार के लोग भी प्रदेश और भारत सरकार से स्पेशल फ्लाइट के माध्यम से फंसे हुए लोगों को वापस भारत लाने की गुहार लगा रहे हैं।
शहर के रहने वाले इमरान हुसैन ने सऊदी अरब से एक वीडियो जारी कर केंद्र सरकार से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि, वो 7 अक्टूबर को मुंबई से धार्मिक यात्रा के लिए मक्का पहुंचे थे। उस समय तो सबकुछ ठीक था। इसी बीच हुए हूती हमलों के बाद से भारत के लिए उड़ाने निरस्त हो गई। 25 अक्टूबर को हमारी रिटर्न फ्लाइट थी, जिसके निरस्त होने के कारण हम यहां फंसे हुए हैं।
इमरान ने बताया कि, दूसरे देश से होते हुए आने पर फ्लाइट किराया और वीजा समेत अन्य खर्च काफी अधिक आ रहे हैं। हर व्यक्ति के हिसाब से देखें तो ये एक लाख से भी अधिक है, जिसे वहन कर सभी के बस में नहीं है। यहां वीजा की अवधि भी समाप्त हो चुकी है। होटल का किराया और दीगर खर्च भी काफी मुश्किल हैं। उन्होंने बताया कि, भारत के सैकड़ों लोग यहां फंसे हुए हैं। जिनके पास अधिक पैसे हैं वो तो दूसरे देशों के जरिए यात्रा कर भारत पहुंच चुके हैं। लेकिन, जिनका इतना बजट नहीं, उनके लिए भारत सरकार को व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि वो सुरक्षित अपने वतन लौट सकें।