
Burhanpur Weather- मध्य प्रदेश में मानसून ने बुरहानपुर के रास्ते धमाकेदार एंट्री मार ली है। बुरहानपुर शहर में इससे पहली बारिश में ही शहर को तरबतर कर दिया। मौसम विभाग ने 33 जिलों में तेज आंधी-बारिश (Heavy Rain Alert) की संभावना जताई है। 6 घंटे की बारिश में तीन घंटे झमाझम पानी गिरने से प्रमुख चौराहें-सड़कें जलमग्न हो गए। आधा दर्जन से अधिक क्षेत्रों में घरों और गोदामों में पानी पहुंच गया। वहीं नदी, नालों में बाढ़ आने से बहादरपुर रोड की पुलिया डूब गई, जिससे महाराष्ट्र का रास्ता बंद होने एक दर्जन गांव का संपर्क टूट गया। हालांकि बारिश ने निगम की सफाई व्यवस्था और नाला चैनलाइजेशन सिस्टम की पोल भी खोल दी।
शहर में बुधवार सुबह 10 बजे से बारिश को दौर शुरू हुआ जो अपरान्ह 4 बजे तक जारी रहा। करीब छह घंटे तक लगातार हुई बारिश ने पूरे शहर में पानी-पानी कर दिया। बारिश ने निगम के करोड़ों रुपए से शहर के बड़े नालों का चैनलाइजेशन करने व नालों की सफाई की पोल खोल दी। नाले ओवरफ्लो होने से हुए जलभराव से लोग परेशान हुए। हालांकि बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। वहीं फसलों को भी अमृत मिला।
शहर सहित पहाड़ी क्षेत्रों में हुई तेज बारिश का असर ताप्ती और उतावली नदी पर भी देखने को मिला। दोनों ही नदियों का जलस्तर बढ़ गया। राजघाट की सीढिय़ों तक पानी आ गया। उतावली में पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने से पहली बाढ़ हो गई।नदी में जलस्तर बढऩे के बाद बड़ी संख्या में लोग पानी देखने के लिए पहुंचे।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के 33 जिलों में तेज-आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, खंडवा, बुरहानपुर और हरदा में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, भोपाल, रायसेन, आलीराजपुर, बड़वानी, धार, उज्जैन, इंदौर, देवास, सीहोर, शाजापुर, खरगोन, हरदा, नर्मदापुरम, अशोकनगर, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, सिवनी, रीवा, मऊगंज और सिंगरौली में तेज आंधी के साथ झमाझम की अनुमान है।
भारतीय मौसम विभाग भोपाल केंद्र की डीओ और मौसम वैज्ञानिक शिल्पा आपटे ने बताया कि मानसून ने अचानक प्रदेश में एंट्री की है। अभी यह 13 जिलों पर छाया है। वहीं पूरे प्रदेश में मानसून की बारिश को अभी एक सप्ताह लग सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि वैसे तो मध्य प्रदेश में मानसून की एंट्री का समय 15-16 जून का है। इस बार मानसून 18 को आना था। लेकिन अब वह राज्य में 23-24 जून की दरमियानी रात में एंट्री कर चुका है। लेकिन फिर भी मौसम विभाग इतनी देर आमद को देरी नहीं मानता। ऐसे में ये कहना होगा कि मानसून ने प्रदेश में समय पर ही एंट्री की है।