
Avience Biomedicals IPO listing: एविएंस बायोमेडिकल्स के आईपीओ में पैसा लगाने वालों को जबरदस्त मुनाफा हुआ है। इस शेयर की स्टॉक एक्सचेंज पर शानदार लिस्टिंग हुई है। आज गुरुवार को कंपनी का शेयर 208 रुपये की आईपीओ प्राइस की तुलना में 90 फीसदी प्रीमियम पर लिस्ट हुआ है। एनएसई एसएमई पर कंपनी का शेयर 395.20 रुपये पर लिस्ट हुआ। लिस्ट होते ही शेयर में 5 फीसदी का अपर सर्किट लग गया और कीमत 414.95 रुपये पर पहुंच गई। इस तरह आईपीओ में पैसा लगाने वालों को अब तक 99.50 फीसदी का फायदा हो चुका है।
एविएंस बायोमेडिकल्स के शेयर की लिस्टिंग बाजार की उम्मीदों से अधिक अच्छी रही है। लिस्टिंग से पहले इस शेयर का जीएमपी 145 रुपये था, जो 69.71 फीसदी प्रीमियम पर लिस्टिंग के संकेत दे रहा था।
यह आईपीओ 30.24 करोड़ रुपये का एक एसएमई आईपीओ रहा। इसमें 14.54 लाख नए इक्विटी शेयर जारी किये गए। इस आईपीओ को निवेशकों से शानदार रिस्पांस मिला। यह आईपीओ कुल 385.32 गुना सब्सक्राइब हुआ। यह इस आईपीओ को लेकर निवेशकों में जबरदस्त डिमांड को दर्शाता है। आईपीओ में गैर संस्थागत निवेशकों यानी NII की कैटेगरी सबसे अधिक 597.23 गुना सब्सक्राइब हुई। वहीं, रिटेल निवेशकों का कोटा 401.36 गुना सब्सक्राइब हुआ। इसके अलावा योग्य संस्थागत खरीदारों का कोटा 196.77 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
आईपीओ में शेयर प्राइस 208 रुपये रखी गई थी। रिटेल निवेशकों को न्यूनतम 1200 शेयरों के लिए बोली लगानी थी। यानी करीब 2.50 रुपये निवेश करने थे।
इस कंपनी की स्थापना 2024 में हुई है। कंपनी बायोटेक्नोलॉजी, जीनोमिक्स और इन-विट्रो डायग्नोस्टिक्स (IVD) सेक्टर के लिए मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक सॉल्यूशंस की मैन्यूफैक्चरिंग, सप्लाई और एक्सपोर्ट का काम करती है। इसके प्रोडक्ट्स में रैपिड डायग्नोस्टिक किट, मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक सॉल्यूशन, बायोकेमिस्ट्री और हेमेटोलॉजी एनालाइजर, रिएजेंट और मेडिकल डिवाइस शामिल हैं। कंपनी भारत और विदेशों में पैथोलॉजी लैब, हॉस्पिटल्स, रिसर्च इंस्टीट्यूट्स और सरकारी एजेंसियों को सेवाएं देती है।
भारतीय शेयर बाजार में आज अच्छी तेजी देखी जा रही है। बीएसई सेंसेक्स आज शुरुआती कारोबार में 0.70 फीसदी या 535 अंक की बढ़त के साथ 77,540 पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 0.69 फीसदी या 164 अंक की बढ़त के साथ 24,187 पर ट्रेड करता दिखा।