कारोबार

Bitcoin खरीदने वालों को बड़ा झटका, 1 साल में आधी से भी कम रह गई कीमत, जानिए क्या है वजह

Bitcoin Price Today: क्रिप्टो बाजार में भारी बिकवाली के चलते बिटकॉइन गिरकर 60,000 डॉलर से नीचे ट्रेड करता दिखा, जो सितंबर 2024 के बाद सबसे निचला स्तर है। कुल क्रिप्टो मार्केट कैप में भी बड़ी गिरावट आई है।
3 min read
• •
Updated: 21 Nov 2026, 4:26 PM IST
Bitcoin Price Today
बिटकॉइन में काफी गिरावट आ चुकी है। (PC: AI)

क्रिप्टोकरेंसी बाजार में भारी बिकवाली से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन की कीमत 21 नवंबर को गिरकर 60,000 डॉलर के नीचे पहुंच गई। कारोबार के दौरान बिटकॉइन 55,631 डॉलर तक फिसल गया, जो सितंबर 2024 के बाद इसका सबसे निचला स्तर है। अक्टूबर 2025 में करीब 1,26,000 डॉलर का रिकॉर्ड स्तर छूने के बाद से बिटकॉइन अपनी आधी से ज्यादा कीमत गंवा चुका है।

बदल रहा बाजार का रुख

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्हाइट हाउस पहुंचने के बाद क्रिप्टो बाजार में तेजी की उम्मीद बढ़ी थी। लेकिन अब बाजार का रुख पूरी तरह बदलता नजर आ रहा है। निवेशक जोखिम वाले निवेश से पैसा निकाल रहे हैं और इसका सीधा असर बिटकॉइन समेत दूसरी क्रिप्टोकरेंसी पर पड़ रहा है। एसेट मैनेजमेंट कंपनी GSR के मैनेजिंग डायरेक्टर एंडी बेहर के मुताबिक, बाजार में निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ है। ऐसे माहौल में निवेशक जोखिम कम करने की कोशिश करते हैं और बिटकॉइन जैसी क्रिप्टोकरेंसी पर इसका ज्यादा असर पड़ता है।

क्रिप्टो बाजार का कुल मार्केट कैप 1.95 लाख करोड़ डॉलर पर आया

CoinMarketCap के आंकड़ों के मुताबिक, क्रिप्टो बाजार का कुल मार्केट कैप 7.58% गिरकर 1.95 लाख करोड़ डॉलर रह गया है। पिछले 24 घंटे में कारोबार का कुल वॉल्यूम 136.33 अरब डॉलर रहा। वहीं, क्रिप्टो बाजार का फियर एंड ग्रीड इंडेक्स 6 पर पहुंच गया है। यह एक्सट्रीम फियर यानी बेहद ज्यादा डर की स्थिति को दिखाता है। इससे पता चलता है कि निवेशकों में घबराहट बढ़ रही है और बाजार में बिकवाली तेज है।

बाजार में बिटकॉइन की हिस्सेदारी अभी भी सबसे ज्यादा है। कॉइन मार्केट कैप के अनुसार, कुल क्रिप्टो मार्केट में बिटकॉइन की हिस्सेदारी 58.2% है। वहीं, दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी इथेरियम की हिस्सेदारी 9.8% है। बाकी क्रिप्टो टोकन की हिस्सेदारी करीब 32% है।

Bitcoin, Ethereum और दूसरी क्रिप्टोकरेंसी का हाल

बाजार में गिरावट का असर लगभग सभी बड़ी क्रिप्टोकरेंसी पर दिखाई दिया। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, बिटकॉइन से लेकर इथेरियम और BNB तक में बड़ी गिरावट दर्ज की गई।

बिटकॉइन (Bitcoin): कारोबार के दौरान एक समय बिटकॉइन की कीमत 55,631 डॉलर तक आ गई थी। पिछले 24 घंटे में इसमें करीब 6.05% की गिरावट दर्ज की गई। इसका मार्केट कैप 1.2 लाख करोड़ डॉलर पर दिखा, जबकि ट्रेडिंग वॉल्यूम 77.3 अरब डॉलर तक पहुंच गया।

WazirX के फाउंडर निश्चल शेट्टी के मुताबिक, अक्टूबर में करीब 77,474 डॉलर के स्तर पर बंद होने के बाद बिटकॉइन में लगभग 24% की गिरावट आई है। वहीं, अक्टूबर 2025 के 1,26,000 डॉलर से ज्यादा के रिकॉर्ड स्तर से यह 50% से अधिक नीचे आ चुका है। पिछले एक सप्ताह में इसमें 10% और एक महीने में करीब 30 फीसदी की गिरावट रही।

इथेरियम (Ethereum): दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी इथेरियम की कीमत भी दबाव में रही। इसकी कीमत 1,562.14 डॉलर पर ट्रेड करती दिखी। 24 घंटे में इसमें 9.21% की गिरावट आई। इसका मार्केट कैप 190.95 अरब डॉलर और ट्रेडिंग वॉल्यूम 23.96 अरब डॉलर रहा। इसमें एक सप्ताह में 8.31% और एक महीने में 16.09% की गिरावट दर्ज की गई।

टीथर (Tether): टीथर की कीमत 0.9985 डॉलर रही। इसमें 24 घंटे में 0.03% की मामूली गिरावट आई। इसका मार्केट कैप 174.55 अरब डॉलर और ट्रेडिंग वॉल्यूम 105.2 अरब डॉलर रहा।

USDC: इस स्टेबलकॉइन की कीमत 0.9998 डॉलर पर लगभग स्टेबल दिखी। इसका मार्केट कैप 68.4 अरब डॉलर और ट्रेडिंग वॉल्यूम 25.15 अरब डॉलर रहा।

BNB: बीएनबी की कीमत 514.98 डॉलर पर आ गई। इसमें पिछले 24 घंटे के दौरान 9.22% की गिरावट दर्ज की गई। इसका मार्केट कैप 67.72 अरब डॉलर और ट्रेडिंग वॉल्यूम 1.7 अरब डॉलर रहा।

बिटकॉइन और क्रिप्टो बाजार में गिरावट के क्या हैं कारण?

क्रिप्टो बाजार में आई इस बड़ी गिरावट के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर को लेकर बढ़ती चिंता और शेयर बाजार में कमजोरी का असर भी क्रिप्टो निवेशकों के भरोसे पर पड़ा है। इसके अलावा अक्टूबर के आखिर में दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज Binance में हुई हैकिंग की घटना ने भी बाजार की चिंता बढ़ाई। अमेरिका में नवंबर के मिडटर्म चुनावों में डेमोक्रेटिक पार्टी की बड़ी जीत और क्रिप्टो से जुड़े कानूनों को लेकर धीमी पड़ती प्रक्रिया को भी बाजार में कमजोरी की वजह माना जा रहा है।

मजबूत डॉलर और उच्च ब्याज दरों से बना दबाव

बिटकॉइन को लंबे समय से निवेश के एक ऐसे विकल्प के तौर पर देखा जाता रहा है, जिसमें जोखिम ज्यादा है। लेकिन मजबूत अमेरिकी डॉलर और फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने के संकेतों ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है। जब डॉलर मजबूत होता है और ब्याज दरें ऊंची रहने की आशंका होती है, तो निवेशक जोखिम वाले विकल्पों में पैसा लगाने से बचते हैं।

एक और बड़ी चिंता बिटकॉइन ETF से लगातार पैसा निकलना है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल अब तक बिटकॉइन ETF से 3 अरब डॉलर से ज्यादा की निकासी हो चुकी है। वहीं, कॉइन ग्लास के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को 24 घंटे के दौरान क्रिप्टो बाजार में करीब 2 अरब डॉलर की लॉन्ग पोजीशन लिक्विडेट हो गईं। इनमें सबसे ज्यादा हिस्सेदारी बिटकॉइन से जुड़ी पोजीशन की थी।

Updated on:
21 Nov 2026, 4:26 PM IST
Published on: