
IPO December 2026: शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए दिसंबर का महीना काफी मौके लेकर आने वाला है। भारतीय प्राइमरी मार्केट में कई बड़ी कंपनियां आईपीओ लाने की तैयारी कर रही हैं। इनमें बीयर बनाने वाली कंपनी काल्सबर्ग, फिटनेस कंपनी कल्ट.फिट, सोलर एनर्जी सेक्टर की Avaada Electro और फार्मा कंपनी Encube Ethicals जैसे बड़े नाम शामिल हैं। दिसंबर 2026 में आईपीओ के जरिए कंपनियां करीब 20,000 से 25,000 करोड़ रुपये जुटा सकती हैं। अगर ऐसा होता है तो यह साल के सबसे व्यस्त आईपीओ सीजन में से एक हो सकता है। खास बात यह है कि इस बार अलग-अलग सेक्टर की कंपनियां बाजार में उतरने की तैयारी कर रही हैं। इनमें फिटनेस, फूड सर्विस, हेल्थकेयर, बेबी प्रोडक्ट्स, एनर्जी और पर्यावरण से जुड़ी कंपनियां शामिल हैं।
बड़े आईपीओ के अलावा Swara Baby Products, Paramotor Digital Technology और Pushp Brand (India) जैसी कंपनियां भी बाजार में दस्तक दे सकती हैं। वहीं, Bharat PET, Nobel Hygiene, Neolite ZKW Lightings, Hotel Polo और Foodlink F&B Holdings के आईपीओ पर भी निवेशकों की नजर रहेगी।
दिसंबर के आईपीओ कैलेंडर में कुछ बड़े इश्यू शामिल हो सकते हैं। जी बिजनेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, काल्सबर्ग का आईपीओ करीब 5,000 से 6,000 करोड़ रुपये का हो सकता है। वहीं, फिटनेस और जिम कारोबार से जुड़ी Cult.fit करीब 3,500 से 4,000 करोड़ रुपये का आईपीओ ला सकती है। इसके अलावा Prism की पेरेंट कंपनी का आईपीओ करीब 3,350 करोड़ रुपये का रहने का अनुमान है। फार्मा सेक्टर की Encube Ethicals भी लगभग 3,000 करोड़ रुपये जुटाने के लिए बाजार में उतर सकती है। पर्यावरण और जल प्रबंधन से जुड़े कारोबार वाली विश्वराज एनवायर्नमेंट का आईपीओ करीब 2,250 करोड़ रुपये का हो सकता है।
दिसंबर के आईपीओ सीजन से पहले Foodlink F&B Holdings (India) Ltd का आईपीओ नवंबर में ही खुलने जा रहा है। कंपनी का पब्लिक इश्यू 26 नवंबर 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा और 30 नवंबर को बंद होगा। यह बुक बिल्ट इश्यू होगा। इसके तहत कंपनी 192 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी। इसके अलावा ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए 88.35 लाख शेयर बेचे जाएंगे। फिलहाल कंपनी ने आईपीओ का प्राइस बैंड घोषित नहीं किया है।
इस कंपनी की शुरुआत साल 2003 में हुई थी। यह कंपनी फूड और बेवरेज सर्विस के कारोबार में काम करती है। इसके बिजनेस में प्रीमियम कैटरिंग, कैजुअल डाइनिंग रेस्टोरेंट और क्लाउड किचन शामिल हैं। मुंबई मुख्यालय वाली यह कंपनी शादियों, पारिवारिक समारोहों, कॉरपोरेट इवेंट्स और बड़े आयोजनों के लिए खानपान की सेवाएं देती है।
भारतीय शेयर बाजार के लिए 2026 आईपीओ लिस्टिंग के मामले में काफी अच्छा साल साबित हो रहा है। इस साल अब तक 109 कंपनियां शेयर बाजार में लिस्ट हो चुकी हैं। यह आंकड़ा 2025 के 107 आईपीओ से ज्यादा है। लिस्टिंग के दिन परफॉर्मेंस की बात करें तो इस साल बाजार में उतरी 109 कंपनियों में से 76 कंपनियों के शेयरों ने निवेशकों को लिस्टिंग पर मुनाफा दिया। वहीं, इश्यू प्राइस के मुकाबले अभी भी 77 आईपीओ कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ ट्रेड कर रहे हैं।