कारोबार

Dharmendra Birthday: इस प्रॉपर्टी में धड़कता था धर्मेंद्र का दिल, कीमत सुन उड़ जाएंगे होश!

Dharmendra Favourite Property: यूं तो धर्मेंद्र ने कई जगह प्रॉपर्टी में निवेश किया हुआ था, लेकिन एक प्रॉपर्टी उनके दिल के बेहद करीब था। वह कहते थे कि यह जगह उन्हें बचपन की याद दिलाती है।
2 min read
Dec 08, 2025
Dharmendra Birthday News
धर्मेंद्र ने रियल एस्टेट सहित कई सेक्टर में निवेश किया हुआ था। (PC: Dharmendra/Instagram)

Dharmendra Investment: बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र का आज (8 दिसंबर) जन्मदिन है। हालांकि, वह जन्मदिन की बधाई लेने के लिए हमारे बीच नहीं हैं। धर्मेंद्र 24 नवंबर को दुनिया से रुखसत हो गए थे और इसी के साथ फिल्मी दुनिया के एक युग का अंत हो गया। कमाल के अभिनेता होने के साथ-साथ धर्मेंद्र एक अच्छे निवेशक भी थे। उन्होंने रियल एस्टेट सहित कुछ दूसरे बिजनेस में पैसा लगा रखा था।

100 एकड़ में फैला फार्महाउस

धर्मेंद्र ने कई जगह प्रॉपर्टी में निवेश किया, लेकिन उनका दिल मुंबई-पुणे के बीच लोनावला में स्थित अपने फार्महाउस में धड़कता था। करीब 100 एकड़ में फैला यह फार्महाउस धर्मेंद्र को बचपन की यादों में ले जाता था। कई बार उन्होंने इस फार्महाउस के प्रति अपने प्यार का इजहार किया। मुंबई की चकाचौंध से दूर प्रकृति की गोद में बसे इस फार्महाउस को धर्मेंद्र धरती का स्वर्ग कहा करते थे।

धर्मेंद्र का मिनी पंजाब

धर्मेंद्र मिट्टी से जुड़े इंसान थे, प्रकृति के बीच वह ज्यादा सुकून महसूस करते थे। खेती-किसानी उनके खून में थी। इसलिए फिल्मों से ब्रेक के बाद उन्होंने खुद को अपने फार्महाउस तक ही सीमित कर लिया। यह फार्महाउस उनके लिए मिनी पंजाब की तरह था, जहां वह ऑर्गनिक खेती करते थे। उन्होंने यहां धान सहित कई तरह की सब्जियां और फल उगाए हैं। धर्मेंद्र ने कई सोशल पोस्ट में बताया था कि कैसे प्रकृति के करीब रहने से उन्हें पंजाब में बिताए अपने बचपन के दिन याद आते हैं।

डायवर्सिफाई पोर्टफोलियो

धर्मेंद्र ने यह फार्महाउस कितने में खरीदा था, जिसकी जानकारी तो सामने नहीं आई है। हालांकि, आज के समय में इसकी कीमत 120 से 150 करोड़ के आसपास बताई जा रही है। बॉलीवुड अभिनेता ने मुंबई सहित कुछ दूसरे शहरों में भी प्रॉपर्टी में निवेश किया था। धर्मेंद्र का इनवेस्टमेंट पोर्टफोलियो डायवर्सिफाई था। ET की रिपोर्ट के अनुसार, धर्मेंद्र कई रेस्टोरेंट चेन के मालिक थे। इसमें करनाल हाईवे पर मौजूद गरम-धरम और ही-मैन ढाबा काफी लोकप्रिय हैं। इसके अलावा, उनके नाम एक प्रोडक्शन हाउस भी है, जिसने यमला-पगला दीवाना सहित कई फिल्मों का निर्माण किया है।

कितनी दौलत छोड़ गए?

फिल्मी दुनिया के ही-मैन अपने पीछे काफी दौलत छोड़ गए हैं। उनकी नेटवर्थ 335 से 450 करोड़ के बीच बताई जाती है। वह गुजरे जमाने के सबसे अमीर बॉलीवुड कलाकारों में से एक थे। उनकी कमाई का जरिया फिल्मों के साथ-साथ रियल एस्टेट आदि सेक्टर में किया गया निवेश था। इसके अलावा, उन्होंने महाराष्ट्र में कृषि और गैर-कृषि भूमि में बड़े पैमाने पर निवेश किया था।

Published on:
08 Dec 2025 11:06 am