E-PRAAAPTI Portal: EPFO जल्द ही ‘E-PRAAAPTI’ पोर्टल लॉन्च करेगा, जिससे आधार आधारित ऑथेंटिकेशन के जरिए लोग अपने पुराने और निष्क्रिय PF खातों को आसानी से ट्रैक, एक्सेस और UAN से लिंक कर सकेंगे।
EPFO News: अगर आपके पुराने पीएफ खाते में पैसा फंसा है तो अब चिंता करने की बात नहीं है। इस समस्या को हल करने के लिए EPFO एक नया डिजिटल पोर्टल लॉन्च करने जा रहा है। इस पोर्टल का नाम ‘ई-प्राप्ति (EPFO e-PRAPTI portal)’ रखा गया है। इस सुविधा का फायदा उन लोगों को होगा जिनके पास UAN नंबर नहीं है या फिर जिनके पुराने EPF अकाउंट्स बंद हो चुके हैं। अब वे आधार-आधारित आसान प्रक्रिया से अपने पुराने अकाउंट्स को ट्रैक कर सकेंगे, UAN लिंक कर सकेंगे और उन्हें चालू भी कर सकेंगे।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने बताया कि यह डिजिटल प्लेटफॉर्म पुराने EPF खातों की पहचान, ट्रैकिंग, UAN लिंकिंग और एक्टिवेशन को आसान बनाएगा। आधार आधारित सुरक्षित लॉगिन के जरिए सदस्य अपने पुराने खातों को एक्सेस कर पाएंगे और प्रोफाइल अपडेट के बाद UAN से जोड़ सकेंगे।
EPFO के आंकड़ों के मुताबिक 31 मार्च 2025 तक 31.83 लाख बंद अकाउंट्स थे, जिनमें कुल 10,181 करोड़ रुपये का फंड पड़ा हुआ है। इनमें से कई अकाउंट 5-10 साल या इससे भी ज्यादा समय से बंद पड़े हैं।
इनऑपरेटिव अकाउंट वे माने जाते हैं जिनमें सदस्य 55 साल की उम्र के बाद रिटायर हो चुके हों और 3 साल तक कोई योगदान न आया हो। इसके अलावा 55 साल से कम उम्र में भी अगर योगदान नहीं हो रहा, तो 58 साल तक ब्याज मिलता रहता है।
चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 8.31 करोड़ क्लेम्स सेटल किए जा चुके हैं, जो पिछले साल के मुकाबले बहुत बेहतर है। इनमें से 74% एडवांस क्लेम्स ऑटो मोड में प्रोसेस हुए और 98.7% क्लेम्स 20 दिनों से भी कम समय में सेटल किए गए।
EPFO कुल 27.05 लाख प्रतिष्ठानों को कवर करता है, जिनमें 34.63 करोड़ सदस्य हैं। इनमें से 7.98 लाख प्रतिष्ठान अभी भी योगदान दे रहे हैं। EPFO का कुल फंड ₹28.34 लाख करोड़ से ज्यादा है।