कारोबार

Gold Price: सोने ने पिछली धनतेरस से अब तक दिया 63% रिटर्न, जानिए साल 2026 तक कहां जाएंगे भाव

Gold Return in 1 year: पिछली धनतेरस से लेकर अब तक सोने ने शानदार रिटर्न दिया है। धनतेरस 2024 को सोने की कीमतें 78,840 रुपए प्रति 10 ग्राम पर थी। यह कीमत अब 1,28,200 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई हैं।
2 min read
• •
Updated: 17 Oct 2025, 5:31 PM IST
Gold Return in 1 year
सोने ने इस साल बंपर रिटर्न दिया है। (PC: Gemini)

पिछली धनतेरस के बाद से सोने ने रुपए के संदर्भ में लगभग 63 फीसदी और डॉलर के संदर्भ में 53 फीसदी का रिटर्न दिया है। शुक्रवार को आई एक रिपोर्ट के अनुसार, 2026 तक सोना 1.5 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है। वेंचुरा सिक्योरिटीज की रिपोर्ट में कहा गया है कि यूएस फेड रेट कट की उम्मीदों, ईटीएफ इन्फ्लो और केंद्रीय बैंक की खरीदारी के चलते सोने में तेजी आई है। मार्च 2025 से ही सोने की कीमतें आसमान छू रही हैं। 3,000 डॉलर प्रति औंस से बढ़कर लगभग 4,254 डॉलर प्रति औंस हो गई हैं।

पिछली धनतेरस 78,840 रुपए था सोने का रेट

भारत में धनतेरस 2024 को सोने की कीमतें 78,840 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। ये अब बढ़कर वर्तमान में 1,28,200 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई हैं। रिपोर्ट में कहा गया है, "धनतेरस 2025 से आगे सोना साल 2026 तक 5000 डॉलर प्रति औंस या 1,50,000 रुपए प्रति दस ग्राम तक पहुंच सकता है।"

फेड रेट कट की उम्मीदों से सोने में तेजी

वेंचुरा के कमोडिटीज एवं सीआरएम प्रमुख एन.एस. रामास्वामी ने अमेरिकी श्रम बाजार में बढ़ते नकारात्मक जोखिमों के बारे में बताया, जिसके कारण दरों में कटौती जरूरी हो गई है। रामास्वामी ने कहा, "आर्थिक आंकड़ों (रोजगार और महंगाई) में देरी के कारण ध्यान फेड चेयरमैन पॉवेल पर है, जिन्होंने संकेत दिया था कि बढ़ता श्रम बाजार जोखिम एक और रेट कट को उचित ठहराता है।"

37 ट्रिलियन डॉलर हो गया अमेरिका का कर्ज

उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका को अपने ऋण भुगतान की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है और उसका राष्ट्रीय ऋण बढ़कर 37 ट्रिलियन डॉलर हो गया है। चीन और अमेरिका के बीच व्यापार तनाव बढ़ गया है, क्योंकि चीन ने रेयर अर्थ मेटल और मैग्नेट पर कड़े निर्यात प्रतिबंधों की घोषणा की है, जो इन महत्वपूर्ण संसाधनों का दुनिया का सबसे बड़ा सप्लायर है। इस बीच, संयुक्त राज्य अमेरिका ने चीनी आयात पर 100 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा की है, जिससे सोने की मांग में तेजी आई है।

(आईएएनएस की रिपोर्ट)

Updated on:
17 Oct 2025, 5:31 PM IST
Published on: