Gold Silver Price Today: सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। वहीं, चांदी भी काफी सस्ती हो गई है। यूएस फेड द्वारा रेट कट नहीं करने से भाव डाउन हैं।
Gold Silver Price Today: सोने की कीमत में आज गुरुवार को गिरावट देखी जा रही है। घरेलू वायदा बाजार में भी सोना लाल निशान पर ट्रेड करता दिखा है। एमसीएक्स एक्सचेंज पर सोने का घरेलू वायदा भाव शुरुआती कारोबार में 0.70 फीसदी या 1076 रुपये की गिरावट के साथ 1,51,949 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड करता दिखा। अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के बुधवार रात आए पॉलिसी फैसले के चलते सोने में यह गिरावट देखी जा रही है। उधर इजराइल ने ईरान के साउथ पार्स गैस फील्ड पर अटैक किया है, जो दुनिया का सबसे बड़ा गैस भंडार है।
फेडरल रिजर्व ने लगातार दूसरी बार ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला लिया है। इस समय फेडरल फंड्स रेट के लिए टार्गेट रेंज 3.5 से 3.75 फीसदी है। बाजार को फेड से यही उम्मीद भी थी। इससे पहले सितंबर, अक्टूबर और दिसंबर 2025 में फेड ने ब्याज दर में हर बार 0.25 फीसदी की कटौती की थी। उधर कीमतों में अत्यधिक अस्थिरता के चलते घरेलू बाजार में भी सोने की मांग देखने को नहीं मिल रही है। इससे भाव डाउन हैं।
सोने के साथ ही चांदी की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखी जा रही है। घरेलू वायदा भाव में चांदी काफी टूट गई है। एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में चांदी का भाव 1.65 फीसदी या 4094 रुपये की गिरावट के साथ 2,44,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करता दिखा।
सोने की वैश्विक कीमतों में मिला-जुला ट्रेंड देखने को मिला है। कॉमेक्स पर सोने का वैश्विक भाव 0.89 फीसदी या 43.60 डॉलर की गिरावट के साथ 4,852.60 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, गोल्ड स्पॉट इस समय 0.69 फीसदी या 33.08 डॉलर की बढ़त के साथ 4851.58 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करती दिखी।
चांदी की वैश्विक कीमतों में भी मिला-जुला रुख देखा जा रहा है। कॉमेक्स पर चांदी का वैश्विक भाव 2.49 फीसदी या 1.93 डॉलर की बड़ी गिरावट के साथ 75.66 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। वहीं, सिल्वर स्पॉट 0.42 फीसदी या 0.29 डॉलर की बढ़त के साथ 75.66 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।