Mukesh Ambani Salary: मुकेश अंबानी ने 6 साल से कोई सैलरी नहीं ली है। वहीं, कॉग्निजेंट के सीईओ रवि कुमार की सैलरी 10.7 मिलियन डॉलर है। यानी रवि कुमार एक दिन में 27,84,716 रुपये कमाते हैं।
Infosys CEO Salary: देश की दिग्गज कंपनियों के सीईओ कितना कमाते हैं? हर साल उनके वेतन में कितना इंक्रीमेंट होता है? ये सवाल कई लोगों के मन में हो सकते हैं। इन्फोसिस के सीईओ सलिल पारेख की बात करें, तो इनके सालाना पैकेज में वित्त वर्ष 2025-26 में 2.5 फीसदी का इंक्रीमेंट हुआ है। इससे पारेख का सालाना पैकेज 82.6 करोड़ रुपये (8.69 मिलियन डॉलर) पर पहुंच गया है। यानी सलिल पारेख का एक दिन का वेतन 22,63,013 रुपये है। भारत की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इन्फोसिस ने शुक्रवार को अपनी वार्षिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।
वित्त वर्ष 2025-26 में पारेख के कुल पारिश्रमिक का सबसे बड़ा हिस्सा 50.75 करोड़ रुपये का रहा, जो उन्हें अपने स्टॉक ऑप्शंस के उपयोग से प्राप्त हुआ। इसके अलावा, उन्हें 7.97 करोड़ रुपये का फिक्स्ड वेतन और 23.35 करोड़ रुपये का बोनस मिला। हालांकि, कंपनी ने यह नहीं बताया कि उनके सीईओ कार्यकाल को आगे बढ़ाया जाएगा या नहीं। पारेख का कार्यकाल अगले साल मार्च में खत्म होने जा रहा है। पारेख इन्फोसिस के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले नॉन-फाउंडर सीईओ हैं।
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेस यानी टीसीएस के सीईओ के. कृतिवासन की सैलरी भी 6 फीसदी बढ़कर 28.1 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है। यानी वे हर दिन 7,69,863 रुपये कमा रहे हैं। वहीं, कॉग्निजेंट के सीईओ रवि कुमार की सैलरी 10.7 मिलियन डॉलर यानी 1.01 अरब रुपये है। यानी रवि कुमार एक दिन में 27,84,716 रुपये कमाते हैं।
देश की सबसे बड़ी लिस्टेड कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी पिछले 6 साल से कोई सैलरी नहीं ले रहे हैं। वित्त वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक अंबानी ने रिलायंस से सैलरी, भत्ता, रिटायरमेंट लाभ, और स्टॉक ऑप्शन जैसे लाभों में से कुछ भी नहीं लिया है। इससे पहले उनकी सालाना सैलरी 15 करोड़ रुपये थी। वित्त वर्ष 2008-09 से उन्होंने अपना सालाना वेतन 15 करोड़ रुपये पर सीमित कर रखा था। 12 साल तक उनके वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई थी। जबकि रिलायंस के रेवेन्यू और मुनाफे में काफी इजाफा हुआ।