कारोबार

Jio IPO: रेवेन्यू और मुनाफे में इजाफे के बावजूद जियो के लिए दिख रहे हैं ये 6 रेड फ्लैग्स, पैसा लगाने से पहले रखें ध्यान

IPO Market News: जियो प्लेटफॉर्म्स की कमाई और मुनाफा मजबूत है। लेकिन कंपनी ने सेबी को दिये आवेदन में स्पेक्ट्रम, नियामकीय नियमों, साइबर हमलों, कड़ी प्रतिस्पर्धा और भारी पूंजीगत खर्च जैसे कई जोखिमों का भी जिक्र किया गया है।

2 min read
Jun 20, 2026
Jio Platforms IPO
Jio ने अपने DRHP में कई जोखिमों का जिक्र किया है। (PC: AI)

Jio Platforms ने आखिरकार सेबी के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर दिया है। रिलायंस ग्रुप की इस डिजिटल और टेलीकॉम कंपनी का IPO देश के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ बन सकता है। इस इश्यू में 27 करोड़ नए शेयर जारी किये जाएंगे। कंपनी के फाइनेंशियल रिजल्ट की बात करें, तो वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही में जियो का ऑपरेटिंग रेवेन्यू 13 फीसदी बढ़कर 44,928 करोड़ रुपये पहुंच गया। जबकि शुद्ध मुनाफा भी 13 फीसदी बढ़कर 7,935 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, शेयर बाजार में सिर्फ कमाई और ग्रोथ ही सब कुछ नहीं होती। समझदार निवेशक हमेशा जोखिमों को भी ध्यान से देखते हैं। जियो ने अपने DRHP में कई ऐसे जोखिमों का जिक्र किया है, जो भविष्य में कारोबार और मुनाफे को प्रभावित कर सकते हैं। आइए इनके बारे में जानते हैं।

  1. आसान नहीं होता स्पेक्ट्रम हासिल करना

टेलीकॉम कारोबार की रीढ़ स्पेक्ट्रम होता है। ग्राहकों को बेहतर नेटवर्क और तेज इंटरनेट देने के लिए पर्याप्त स्पेक्ट्रम जरूरी है। लेकिन स्पेक्ट्रम हासिल करना आसान नहीं होता है। इसके लिए सरकार की नीलामी में हिस्सा लेना पड़ता है, जहां कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। अगर भविष्य में जियो पर्याप्त स्पेक्ट्रम नहीं खरीद पाती या प्रतिस्पर्धी कंपनियां ज्यादा बोली लगा देती हैं, तो इसका असर नेटवर्क क्वालिटी और कस्टमर ग्रोथ पर पड़ सकता है।

  1. नेटवर्क विस्तार के लिए चाहिए भारी निवेश

जियो लगातार 5G और डिजिटल सेवाओं पर दांव लगा रही है। इसके लिए हर साल हजारों करोड़ रुपये खर्च करने पड़ते हैं। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने करीब 34,184 करोड़ रुपये का पूंजीगत खर्च किया। टेलीकॉम सेक्टर में तकनीक तेजी से बदलती है। ऐसे में यह जरूरी नहीं कि हर निवेश से कंपनी को उम्मीद के मुताबिक फायदा मिले। अगर निवेश का रिटर्न कमजोर रहा तो वित्तीय प्रदर्शन प्रभावित हो सकता है।

  1. कुछ चुनिंदा सप्लायर्स पर ज्यादा निर्भरता

जियो अपने नेटवर्क उपकरणों के लिए सीमित संख्या में सप्लायर्स पर निर्भर है। यदि इनमें से किसी सप्लायर को उत्पादन, तकनीकी या लॉजिस्टिक समस्या आती है, तो नेटवर्क विस्तार की रफ्तार प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा कई सप्लायर विदेशी कंपनियों से जुड़े हुए हैं। ऐसे में वैश्विक तनाव, व्यापार प्रतिबंध या सप्लाई चेन में रुकावट का असर भी जियो पर पड़ सकता है।

  1. एयरटेल से बड़ा कंपटीशन

भारतीय टेलीकॉम बाजार दुनिया के सबसे प्रतिस्पर्धी बाजारों में गिना जाता है। जियो प्लेटफॉर्म्स भले ही डेटा ट्रैफिक के मामले में सबसे आगे हो, लेकिन उसे लगातार एयरटेल और वोडाफोन आइडिया जैसी कंपनियों से चुनौती मिलती रहती है। अगर प्रतिस्पर्धी कंपनियां बेहतर प्लान, नई सेवाएं या ज्यादा आकर्षक ऑफर लेकर आती हैं तो जियो के ग्राहकों और बाजार हिस्सेदारी पर असर पड़ सकता है।

  1. टावर और फाइबर नेटवर्क पर निर्भरता

जियो के नेटवर्क संचालन का बड़ा हिस्सा कुछ चुनिंदा इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों पर निर्भर है। कंपनी के इस्तेमाल में आने वाले लाखों टावरों में बड़ी संख्या एक ही इंफ्रास्ट्रक्चर पार्टनर के पास है। फाइबर नेटवर्क के मामले में भी जियो कुछ प्रमुख सहयोगियों पर निर्भर है। अगर इन कंपनियों को वित्तीय, तकनीकी या नियामकीय समस्याओं का सामना करना पड़ा तो नेटवर्क सेवाओं और विस्तार योजनाओं पर असर पड़ सकता है।

  1. छोटी गलती भी पड़ सकती है भारी

टेलीकॉम सेक्टर देश के सबसे ज्यादा रेगुलेटेड उद्योगों में से एक है। जियो को TRAI और दूरसंचार विभाग के तमाम नियमों का पालन करना पड़ता है। लाइसेंस, स्पेक्ट्रम, ग्राहक वेरिफिकेशन, नेटवर्क सिक्योरिटी और डेटा मैनेजमेंट जैसे कई सेक्टर्स में सख्त निगरानी रहती है। किसी नियम का उल्लंघन होने पर जुर्माना, अतिरिक्त खर्च या कारोबार पर प्रतिबंध जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।

Published on:
20 Jun 2026 06:20 pm