Richest Women of Asia Savitri Jindal: भारत की सावित्री जिंदल एशिया की सबसे अमीर महिला बन गई हैं। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार सावित्री जिंदल की कुल संपत्ति 11.3 अरब बताई गई।
Richest Women of Asia Savitri Jindal: बिजनेस पर काम करने वाली वेबसाइट ब्लूमबर्ग ने आज एशिया के अमीर महिलाओं की लिस्ट साझा की है। इस लिस्ट के अनुसार भारत की सावित्री जिंदल एशिया की सबसे अमीर महिला बन गई हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार सावित्री जिंदल के पास 89.49 हजार करोड़ रुपए (11.3 अरब डॉलर) की संपत्ति है। बता दें कि सावित्री जिंदल जिंदल ग्रुप की चेयरपर्सन हैं।
ब्लूमबर्ग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में सावित्री 164वें स्थान पर पहुंच गई हैं। बता दें कि जिंदल ग्रुप ऑफ कंपनी भारत में स्टील की तीसरी सबसे बड़ी उत्पादक कंपनी है। इसके अलावा जिंदल ग्रुप सीमेंट, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में काम करती है। बता दें कि गौतम अडाणी एशिया के सबसे अमीर आदमी हैं। उनके पास 9.35 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है।
कभी कॉलेज नहीं गई, पति की मौत के बाद संभाला कारोबार-
एशिया की सबसे अमीर महिला बनीं सावित्री जिंदल के बारे में मिली जानकारी के अनुसार वो कभी कॉलेज नहीं गईं। इसके बाद भी पति की मौत के बाद उन्होंने ही पूरा कारोबार संभाला। धीरे-धीरे उनके नेतृत्व में कंपनी का कारोबार काफी अच्छा बढ़ा। बता दें कि जिंदल परिवार में अधिकतर महिलाएं घर की जिम्मेदारी संभालती हैं। जबकि पुरुष बाहर के काम देखते हैं। ऐसे में सावित्री को अपने पति का कारोबार संभालने में काफी मेहनत करनी पड़ी, इसके बाद भी वो अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटी।
यह भी पढ़ेंः जिंदल ग्रुप की चेयरपर्सन हैं देश की सबसे अमीर महिला
असम के तिनसुकिया में जन्म हुई, 1970 में हुई शादी-
बताते चले कि सावित्री देवी का जन्म 1950 में असम के तिनसुकिया में हुईं। 1970 में जिंदल ग्रुप के फाउंडर हरियाणा के ओमप्रकाश जिंदल से उनकी शादी हुई। ओपी जिंदल और सावित्री के नौ बच्चे हैं। चार बेटे- पृथ्वीराज जिंदल, सज्जन, रतन और नवीन हैं। सबसे बड़े बेटे पृथ्वीराज, जिंदल सॉ कंपनी के चेयरमैन हैं। दूसरे बेटे सज्जन जिंदल ने JWS कंपनी की कमान संभाल रखी है। तीसरे बेटे रतन कंपनी में डायरेक्टर की पोस्ट पर हैं। जबकि छोटे बेट नवीन जिंदल ‘जिंदल स्टील’ के चेयरमैन हैं। इसके साथ-साथ वो सांसद भी रह चुके हैं।
दूसरे स्थान पर चीन की फैन होंगवी, तीसरे स्थान पर यांग हुइयान-
एशिया की सबसे अमीर महिला बनीं सावित्री जिंदल के बाद दूसरे स्थान पर चीन की फैन होंगवी हैं। इनके पास भी 11.3 अरब डॉलर की संपत्ति है। 2021 में एशिया की सबसे अमीर महिला चीन की यांग हुइयान थीं, जो अब तीसरे नंबर पर आ गई हैं। इनकी संपत्ति 87.11 हजार करोड़ (11 अरब डॉलर) है। सबसे अमीर लोगों की सूची में सावित्री जिंदल 164वें स्थान पर है।