कारोबार

Stock Market: मुहूर्त ट्रेडिंग में शेयर बाजार की शुभ शुरुआत, सेंसेक्स 250 अंक चढ़ा; निफ्टी भी बढ़त के साथ खुला

दिवाली के अवसर पर मुहूर्त ट्रेडिंग के साथ संवत 2083 की शुरुआत हुई। शेयर बाजार में सेंसेक्स 250 अंक और निफ्टी बढ़त के साथ खुला।
2 min read
• •
Updated: 8 Nov 2026, 3:43 PM IST
Muhurat Trading 2026
मुहूर्त ट्रेडिंग में बढ़त के साथ खुला शेयर बाजार (Photo-IANS)

Stock Market: दिवाली के अवसर पर रविवार को आयोजित विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र में शेयर बाजार ने बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। दोपहर 2:20 बजे बाजार खुलते ही बीएसई का सेंसेक्स करीब 250 अंक उछल गया, जबकि एनएसई का निफ्टी करीब 40 अंक की बढ़त के साथ खुला।

मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए बाजार में 70 मिनट का विशेष कारोबारी सत्र रखा गया है। यह सत्र दोपहर 2:20 बजे से 3:30 बजे तक चलेगा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में भी इसी समय के दौरान कारोबार हो रहा है।

मुहूर्त ट्रेडिंग को माना जाता है शुभ

बता दें कि भारतीय शेयर बाजार में मुहूर्त ट्रेडिंग की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। दिवाली पर लक्ष्मी पूजन के साथ आयोजित इस विशेष सत्र को निवेश के लिहाज से शुभ माना जाता है। मान्यता है कि हिंदू नववर्ष की शुरुआत में शेयर खरीदने से पूरे साल समृद्धि और आर्थिक लाभ के अवसर बनते हैं। इसी विश्वास के चलते कई निवेशक इस दिन नए निवेश की शुरुआत करते हैं।

नए संवत में चुनिंदा शेयरों पर रहेगा फोकस

बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि नए संवत में भारतीय शेयर बाजार का रुख सकारात्मक रह सकता है, हालांकि इस दौरान रिटर्न की रफ्तार पहले के मुकाबले मध्यम रहने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले समय में शेयर बाजार की तेजी का आधार कंपनियों की कमाई में बढ़ोतरी होगी, न कि केवल शेयरों के मूल्यांकन में विस्तार।

विशेषज्ञों का कहना है कि निवेशकों को नए संवत में मजबूत बुनियादी स्थिति वाली कंपनियों, बेहतर कमाई की क्षमता और वित्तीय मजबूती पर ध्यान देना चाहिए। लंबी अवधि में भारत की आर्थिक विकास संभावनाएं मजबूत बनी हुई हैं। ऐसे में निवेश के दौरान गुणवत्ता, कंपनियों की कमाई में स्थिरता और जोखिम प्रबंधन को प्राथमिकता देना बेहतर रणनीति हो सकती है।

क्या है मुहूर्त ट्रेडिंग?

मुहूर्त ट्रेडिंग दिवाली के दिन शेयर बाजार में आयोजित होने वाला विशेष और सीमित अवधि का कारोबारी सत्र है। यह लक्ष्मी पूजन के अवसर पर होता है और विक्रम संवत यानी हिंदू वित्तीय नववर्ष की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। इस दिन बड़ी संख्या में निवेशक परंपरा के तौर पर शेयरों की खरीदारी करते हैं और नए वित्त वर्ष में धन-संपत्ति एवं समृद्धि की कामना करते हैं।

Updated on:
8 Nov 2026, 3:43 PM IST
Published on: