कारोबार

16 लाख की कार 11 लाख में, BaaS स्कीम से काफी सस्ते में गाड़ियां खरीद रहे लोग, मारुति-टाटा जैसी कंपनियां भी इसी राह पर

BaaS Scheme in EV: आजकल लोग इलेक्ट्रिक व्हीकल में बैटरी ऐज ए सर्विस (बीएएएस) के साथ गाड़ियां खरीदना पसंद कर रहे हैं। इससे वाहन की कीमत काफी घट जाती है।
2 min read
Feb 23, 2026
BaaS Scheme in EV
ईवी में रेंटल बैटरी काफी लोकप्रिय हो रही है। (PC: AI)

इलेक्ट्रिक कार बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। एमजी मोटर्स की देखा-देखी ईवी बनाने वाली कई कंपनियों ने कार की बैटरी को अलग से किराए (बैटरी ऐज ए सर्विस- बीएएएस) पर देने का मॉडल अपनाना शुरू किया है, जिससे इलेक्ट्रिक वाहनों की शुरुआती कीमत कम हो गई है। टाटा मोटर्स ने अपनी नई टाटा पंच ईवी के लिए बैटरी रेंटल योजना शुरू की है। वहीं, मारुति सुजुकी ने भी अपनी ई-विटारा के लिए बीएएएस शुरू किया, जिससे कार खरीदने की लागत घटी है।

इन कंपनियों ने अपनाया बैटरी-एज-सर्विस मॉडल

ई-विटारा 15.99 लाख रुपए की अपफ्रंट शुरुआती कीमत के साथ लॉन्च हुई। लेकिन बैटरी एज-ए- सर्विस के तहत शुरुआती कीमत 10.99 लाख रुपए रह जाएगी। ग्राहक बैटरी किराए के रूप में प्रति किमी 3.99 रुपए का भुगतान करेंगे।

टाटा पंच ईवी की शुरुआती कीमत 9.69 लाख रखी गई है। बीएएएस के साथ इसकी कीमत घटकर 6.49 लाख रुपए हो जाएगी। ग्राहकों को प्रति किमी 2.60 रुपए बैटरी रेंटल देना होगा।

वियतनामी कार कंपनी विनफास्ट भी 2026 के मध्य तक भारत में वीएफ-3 माइक्रो ईवी को बीएएएस मॉडल के साथ लॉन्च करने की योजना बना रही है।

टोयोटा ने भी कहा है कि वह अपनी इबेला ईवी को बैटरी रेंटल और एश्योर्ड बायबैक के साथ लॉन्च करेगी।

हीरो की ईवी कंपनी वीडा ब्रांड ने जुलाई में अपने वीएक्स2 दोपहिया वाहन को बैटरी रेंटल के साथ लॉन्च किया, जिसके बाद से इसकी बिक्री दोगुनी से अधिक हो गई है।

एमजी की सफलता

एमजी मोटर्स ने 2025 में अपनी इलेक्ट्रिक कार विंडसर को बीएएएस सुविधा के साथ लॉन्च किया, जिससे विंडसर सबसे अधिक बिकने वाली ईवी बन हई। कंपनी ने 2025 में 46,735 यूनिट्स की बिक्री के साथ भारतीय ईवी बाजार में अपनी पकड़ मजबूत की। इस मॉडल की खास बात यह है कि कीमत बीएएएस के तहत कम रखी गई, जिससे ग्राहकों को कम शुरुआती लागत में ईवी खरीदने का मौका मिला। एमजी मोटर के एमडी अनुराग मेहता ने कहा, 2025 में बेची कुल 79,008 यूनिट में से 80% ग्राहकों ने बीएएएस मॉडल को चुना। कम अपफ्रंट लागत के कारण यह मॉडल लोकप्रिय हुआ।

हीरो ने दिखाई राह

हीरो मोटोकॉर्प ने साबित किया है कि बीएएएस दोपहिया सेगमेंट में भी काम कर सकता है। उसके वीडा ब्रांड की मासिक औसत बिक्री जुलाई 2025 में वी2एक्स लॉन्च के बाद 12,567 यूनिट से दोगुनी से ज्यादा हो गई। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर भी अपनी आगामी इबेला ईवी के लिए बीएएएस लाने की तैयारी कर रही है। टीकेएम के कार्यकारी उपाध्यक्ष विक्रम गुलाटी ने कहा, रीसेल वैल्यू को लेकर चिंता वास्तविक है। बीएएएस उस अनिश्चितता को कम करने के साधन हैं। वियतनाम की विनफास्ट 2026 के मध्य तक भारत में कारें बीएएएस मॉडल के साथ लॉन्च करने की तैयारी कर रही है।

Updated on:
24 Feb 2026 09:38 am
Published on:
23 Feb 2026 05:04 pm