
Post Office MIS Calculator: अगर आपके पास मोटा पैसा पड़ा हुआ है और आप उस पैसे को किसी सेफ जगह इन्वेस्ट करके मंथली इनकम पाना चाहते हैं, तो पोस्ट ऑफिस की मंथली इनकम स्कीम एक अच्छा विकल्प है। इस स्कीम में एकमुश्त निवेश करना होता है और हर महीने ब्याज आय मिलती है। हालांकि, यहां निवेश रकम की एक लिमिट है। यह लिमिट सिंगल और जॉइंट अकाउंट के लिए अलग-अलग है।
मंथली इनकम स्कीम यानी एमआईएस पोस्ट ऑफिस की एक स्मॉल सेविंग स्कीम है। इस समय इस योजना में 7.4 फीसदी सालाना ब्याज मिल रहा है। सरकार हर 3 महीने में स्मॉल सेविंग स्कीम्स की ब्याज दरें तय करती हैं। सरकार ने अक्टूबर से दिसंबर तिमाही के लिए इस योजना की ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं किया है।
पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम अकाउंट में कोई भी भारतीय नागरिक निवेश कर सकता है। यहां सिंगल या जॉइंट अकाउंट खुलवाए जा सकते हैं। इस स्कीम में न्यूनतम 1000 रुपये इन्वेस्ट किये जा सकते हैं। वहीं, सिंगल अकाउंट में अधिकतम 9 लाख रुपये और जॉइंट अकाउंट में अधिकतम 15 लाख रुपये इन्वेस्ट कर सकते हैं। पोस्ट ऑफिस एमआईएस में मैच्योरिटी अवधि 5 साल होती है। इस मैच्योरिटी अवधि को आगे नहीं बढ़ाया जा सकता है।
इस स्कीम में जॉइंट अकाउंट में ज्यादा पैसे इन्वेस्ट करने की सुविधा मिलती है। आप चाहें तो पति-पत्नी दोनों मिलकर पोस्ट ऑफिस एमआईएस में जॉइंट अकाउंट खुलवा सकते हैं। मान लीजिए आप दोनों पति-पत्नी मिलकर इस योजना के जॉइंट खाते में साढ़े 13 लाख रुपये इन्वेस्ट करते हैं। इस निवेश में आपको 5 साल तक हर महीने 8,325 रुपये ब्याज आय मिलेगी। मैच्योरिटी पर आपको मूलधन भी वापस दे दिया जाएगा।
| निवेश राशि | अनुमानित मासिक ब्याज आय |
|---|---|
| ₹13.50 लाख | ₹8,325 |
| ₹14.50 लाख | ₹8,942 |
| ₹15 लाख | ₹9,250 |
अगर आप साढ़े 14 लाख रुपये इस स्कीम में डालते हैं, तो आपको 8,942 रुपये मंथली इनकम मिल जाएगी। 15 लाख की अधिकतम लिमिट तक निवेश करने पर हर महीने 9,250 रुपये ब्याज आय मिल सकती है।
(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)