Share Market Crash: अमेरिका और इजराइल का ईरान पर हमला और ईरान के पलटवार के चलते मिडिल ईस्ट में हालात काफी बदतर हो गए हैं। इससे निवेशकों ने शेयर बाजार में बड़ी बिकवाली की है।
Share Market Crash: मिडिल ईस्ट में युद्ध के हालातों के बीच भारतीय शेयर बाजार में आज सोमवार को जबरदस्त गिरावट दर्ज हुई है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 1.29 फीसदी या 1048 अंक की गिरावट के साथ 80,238 पर बंद हुआ है। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी आज 1.24 फीसदी या 312 अंक की गिरावट के साथ 24,865 पर बंद हुआ है। बाजार में आज आई इस गिरावट से निवेशकों को 6.5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 27 शेयर लाल निशान पर और 3 शेयर हरे निशान पर बंद हुए। सबसे अधिक गिरावट इंडिगो में 5.98 फीसदी, लार्सन एंड टुब्रो में 5.22 फीसदी, अडानी पोर्ट्स में 3.42 फीसदी और मारुति में 3.20 फीसदी दर्ज हुई। इसके अलावा, एशियन पेंट, बजाज फिनसर्व, रिलायंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, इटरनल, ट्रेंट, टाइटन, एनटीपीसी, एचसीएल टेक, पावरग्रिड और एसबीआई में भी गिरावट दर्ज हुई। वहीं, बीईएल, सनफार्मा और आईटीसी के शेयर हरे निशान पर बंद हुए।
सिर्फ दो सूचकांकों को छोड़कर सभी सूचकांक आज लाल निशान पर बंद हुए हैं। निफ्टी ऑटो में 2.20 फीसदी, निफ्टी आईटी में 1.08 फीसदी, निफ्टी मीडिया में 1.82 फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक में 1.84 फीसदी, निफ्टी रियल्टी में 1.61 फीसदी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 2.15 फीसदी, निफ्टी प्राइवेट बैंक में 0.91 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी में 0.76 फीसदी, निफ्टी ऑयल एंड गैस में 2.15 फीसदी और निफ्टी मिडस्मॉल आईटी एंड टेलीकॉम में 1.69 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई। इससे इतर निफ्टी मेटल में 0.24 फीसदी और निफ्टी फार्मा में 0.02 फीसदी की तेजी दर्ज हुई।