
भारतीय शेयर बाजार में आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बेंचमार्क इक्विटी सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी में आज जबरदस्त बिकवाली देखने को मिली। इस तरह आज लगातार छठे सत्र में शेयर बाजार गिरा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा फार्मा सेक्टर पर लगाए गए टैरिफ के चलते बाजार में आज गिरावट दर्ज हुई है। एफपीआई की लगातार निकासी से निवेशकों का मनोबल टूट गया है।
सेंसेक्स आज कारोबारी सत्र के दौरान करीब 800 अंक टूट गया। यह 0.90 फीसदी या 733 अंक की गिरावट के साथ 80,426 पर बंद हुआ है। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.95 फीसदी या 236 अंक की गिरावट के साथ 24,654 पर बंद हुआ है।
सेंसेक्स पैक के शेयरों की बात करें तो शुक्रवार को लार्सन एंड टुब्रो, टाटा मोटर्स, आईटीसी, रिलायंस और मारुति हरे निशान पर बंद हुए। महिंद्रा एंड महिंद्रा और इटरनल में सबसे अधिक गिरावट दर्ज हुई। इसके अलावा, टाटा स्टील, बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट, सनफार्मा, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टीसीएस, एचसीएल टेक, बीईएल, बजाज फिनसर्व, टाइटन, एचयूएल, ट्रेंट, अडानी पोर्ट्स, एक्सिस बैंक, भारती एयरटेल, एनटीपीसी, कोटक बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, पावरग्रिड, एचडीएफसी बैंक, एसबीआई और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी लाल निशान पर बंद हुए हैं।
सेक्टोरल सूचकांकों की बात करें, तो आज आईटी और फार्मा शेयरों में सबसे अधिक गिरावट दर्ज हुई है। निफ्टी आईटी इंडेक्स 2.45 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुई है। इसके अलावा, निफ्टी फार्मा में 2.14 फीसदी, निफ्टी मीडिया में 1.09 फीसदी, निफ्टी मेटल में 1.93 फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक 1.78 फीसदी, निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1.12 फीसदी, निफ्टी रियल्टी में 1 फीसदी, निफ्टी हेल्थकेयर इंडेक्स 2.06 फीसदी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 2.19 फीसदी, निफ्टी ऑयल एंड गैस में 0.72 फीसदी, निफ्टी मिडस्मॉल हेल्थकेयर में 2.12 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज एक्स-बैंक में 1.65 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई है।