कारोबार

Silver Price Outlook: सिर्फ 3 महीने में 1 लाख रुपये सस्ती हो गई चांदी, क्या अब आएगी रिकवरी या और गिरेंगे भाव? एक्सपर्ट से समझिए

Silver Rate Today: भारत में चांदी की कीमतें तीन महीनों में करीब 1 लाख रुपये प्रति किलो गिर चुकी हैं। डॉलर की मजबूती, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और ब्याज दरें बढ़ने की आशंका से चांदी पर दबाव बना हुआ है।
3 min read
• •
Updated: 24 Nov 2026, 5:08 PM IST
Silver Price Today
चांदी के भाव 3 महीने में 1 लाख रुपये टूट गए हैं। (PC: AI)

चांदी की कीमतों में पिछले तीन महीनों के दौरान बड़ी गिरावट देखने को मिली है। अगस्त 2026 में करीब 2.50 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर से चांदी अब घटकर करीब 1.54 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गई है। सोमवार को इसमें 6,000 रुपये से ज्यादा की तेजी जरूर आई, लेकिन इसके बावजूद चांदी 3 महीने में ही करीब 1 लाख रुपये सस्ती मिल रही है। डॉलर की मजबूती, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका ने चांदी पर दबाव बनाया है। बाजार के जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में चांदी की चाल काफी हद तक अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के फैसलों पर निर्भर करेगी। निवेशकों के लिए फिलहाल कुछ अहम स्तरों पर नजर रखना जरूरी है।

सपोर्ट लेवल टूटा तो 1 लाख तक गिर सकती है चांदी

निवेशकों को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के कुछ अहम सपोर्ट लेवल्स पर नजर रखनी चाहिए। सेबी रजिस्टर्ड मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, भारतीय बाजार में चांदी के लिए 1.40 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर मजबूत सपोर्ट है। अगर कीमतें इस स्तर से नीचे बंद होती हैं तो आगे गिरावट बढ़ सकती है। गुप्ता के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी का भाव 38 डॉलर प्रति औंस से नीचे जाता है तो इसमें और गिरावट देखने को मिल सकती है। अगर चांदी ये सपोर्ट तोड़ती है, तो घरेलू बाजार में कीमत 1,20,000 रुपये से 1 लाख रुपये तक और वैश्विक बाजार में 34 डॉलर से 30 डॉलर प्रति औंस तक गिर सकती है।

वहीं, चांदी की गिरावट का दौर खत्म मानने के लिए घरेलू बाजार में कीमतों का 1.90 लाख रुपये प्रति किलो से ऊपर जाना जरूरी होगा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में 52 डॉलर प्रति औंस के ऊपर टिकने पर ही कीमतों में मजबूत रिकवरी के संकेत मिलेंगे।

पोनमुडी आर ने चांदी के लिए बताए ये अहम प्राइस लेवल्स

एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में फिलहाल चांदी को लेकर नजरिया सतर्क बना हुआ है। कीमतों में मजबूत रिकवरी के लिए चांदी का 43.50 डॉलर प्रति औंस के ऊपर लगातार बने रहना जरूरी है। अगर चांदी इस स्तर को पार कर लेती है तो अगला लक्ष्य 45.50 से 46 डॉलर प्रति औंस हो सकता है। दूसरी ओर, अगर कीमतें अपने मौजूदा सपोर्ट स्तर को बनाए रखने में नाकाम रहती हैं और 41.50 डॉलर प्रति औंस से नीचे फिसलती हैं तो बिकवाली बढ़ सकती है। ऐसी स्थिति में अगला सपोर्ट 40 डॉलर प्रति औंस के आसपास होगा।

पोनमुडी आर के अनुसार, घरेलू बाजार में चांदी की कीमतों में मजबूत रिकवरी के लिए 1.58 लाख रुपये प्रति किलो के ऊपर टिकना जरूरी है। अगर चांदी इस स्तर को पार करती है तो इसकी कीमत 1.64 लाख से 1.66 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है। वहीं, 1.47 लाख रुपये प्रति किलो का स्तर तत्काल सपोर्ट के तौर पर काम करेगा। अगर कीमतें इस स्तर से नीचे फिसलती हैं, तो बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है और चांदी 1.42 लाख रुपये प्रति किलो तक गिर सकती है।

चांदी में गिरावट की 3 बड़ी वजहें

अनुज गुप्ता के मुताबिक, MCX और अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे तीन प्रमुख कारण हैं। इनमें अमेरिकी बॉन्ड यील्ड का ऊंचे स्तर पर बने रहना, डॉलर के मुकाबले रुपये का मजबूत होना और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका शामिल है। इन तीनों कारणों ने चांदी की कीमतों पर दबाव बनाया है। खासकर डॉलर की मजबूती और अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता के कारण निवेशक कीमती धातुओं में निवेश को लेकर सतर्क हैं।

अमेरिकी महंगाई से बढ़ी ब्याज दरें बढ़ने की आशंका

अमेरिका में महंगाई को लेकर नई चिंताओं ने चांदी के बाजार को प्रभावित किया है। दिसंबर 2026 में होने वाली फेडरल रिजर्व की बैठक में ब्याज दरें बढ़ाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। बाजार को उम्मीद है कि अक्टूबर 2026 में अमेरिका का कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (CPI) महंगाई आंकड़ा 3.10% से बढ़कर 3.20% हो सकता है। अनुज गुप्ता के मुताबिक, अगर बुधवार को जारी होने वाले आंकड़े बाजार के अनुमान के मुताबिक आते हैं तो अमेरिका में महंगाई को लेकर चिंता और बढ़ सकती है। इससे फेडरल रिजर्व पर ब्याज दरें बढ़ाने का दबाव बन सकता है।

ब्याज दरें बढ़ने की आशंका से डॉलर मजबूत हो सकता है। इसका असर सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं पर पड़ता है, क्योंकि ऊंची ब्याज दरों के माहौल में निवेशकों की दिलचस्पी दूसरे निवेश विकल्पों में बढ़ सकती है।

अमेरिकी बॉन्ड यील्ड भी चांदी के लिए बनी चुनौती

अमेरिका में 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड 5% से नीचे आकर 4.923% पर पहुंच गई है। हालांकि, यह अब भी 4.50% के उस स्तर से ऊपर है, जिसे बाजार के लिए अहम माना जा रहा है। अनुज गुप्ता का कहना है कि अगर अमेरिकी महंगाई के आंकड़े उम्मीद से खराब रहते हैं तो फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की संभावना मजबूत हो सकती है। इससे डॉलर को और मजबूती मिल सकती है। डॉलर पहले ही करीब 19 महीने के ऊंचे स्तर पर है। ऐसे में अमेरिकी महंगाई के आंकड़े चांदी की आगे की चाल के लिए काफी अहम रहेंगे। कमजोर आंकड़ों की स्थिति में डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड में खरीदारी बढ़ सकती है, जिससे चांदी की कीमतों में रिकवरी मुश्किल हो सकती है।

Updated on:
24 Nov 2026, 5:08 PM IST
Published on: