कारोबार

Share Market Crash: गोल्ड और पेट्रोल-डीजल पर PM मोदी की अपील के बाद मार्केट हुआ क्रैश, सेंसेक्स 1000 पॉइंट डाउन, टूट गए ये शेयर

Stock Market Crash: सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 1000 अंक टूट गया। जबकि निफ्टी भी 1 फीसदी से ज्यादा गिरा। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
2 min read
May 11, 2026
stock market crash
बाजार में भारी गिरावट देखी जा रही है। (PC: AI)

Stock Market Crash: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार में ऐसा झटका लगा कि निवेशकों के चेहरे उतर गए। सुबह से ही बाजार में बिकवाली का दबाव दिखा और देखते ही देखते सेंसेक्स करीब 1000 अंक लुढ़क गया। निफ्टी भी 24 हजार के नीचे फिसल गया। हालात ऐसे रहे कि कुछ ही मिनटों में निवेशकों के करीब 4 लाख करोड़ रुपये डूब गए। बाजार में यह गिरावट सिर्फ बड़े शेयरों तक सीमित नहीं रही। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी जोरदार बिकवाली देखने को मिली। कई निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी, जबकि कमजोर वैश्विक संकेतों ने आग में घी डालने का काम किया।

सेंसेक्स 1000 अंक गिरा

कारोबार के दौरान 30 शेयरों वाला सेंसेक्स करीब 1000 अंक टूटकर 76,364 के स्तर तक पहुंच गया। वहीं, निफ्टी 50 भी 1 फीसदी से ज्यादा गिरकर 23,896 तक फिसल गया। BSE के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी करीब 1 फीसदी तक की कमजोरी रही।

निवेशकों को 4 लाख करोड़ का नुकसान

सबसे बड़ा असर निवेशकों की कुल संपत्ति पर पड़ा। BSE में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप पिछले सत्र के 473.5 लाख करोड़ रुपये से घटकर करीब 469.5 लाख करोड़ रुपये रह गया। यानी बाजार खुलने के कुछ ही समय में निवेशकों के लगभग 4 लाख करोड़ रुपये साफ हो गए। अब सवाल है कि आखिर अचानक ऐसा क्या हुआ कि बाजार में इतनी बड़ी गिरावट आ गई? इसकी सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव माना जा रहा है। इसे देखते हुए पीएम मोदी ने भी गोल्ड और पेट्रोल-डीजल को लेकर लोगों से अपील की है।

अमेरिका और ईरान के बीच नहीं हो रही सुलह

दरअसल, निवेशकों को उम्मीद थी कि दोनों देशों के बीच बातचीत से हालात सुधर सकते हैं। लेकिन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के शांति प्रस्ताव को खारिज कर दिया। इसके बाद बाजार का मूड पूरी तरह बिगड़ गया। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर बातचीत पूरी तरह विफल होती है तो अमेरिका ईरान के खिलाफ और सख्त कदम उठा सकता है। इसी बीच इजरायल के प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu ने भी कहा कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम अब भी बड़ा खतरा बना हुआ है।

पीएम मोदी की अपील

मिडिल ईस्ट संकट से दुनियाभर में एनर्जी की कीमतें आसमान पर हैं। इससे भारत का आयात घाटा लगातार बढ़ रहा है और रुपया गिर रहा है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से सोना न खरीदने और पेट्रोल-डीजल को बचाने की अपील की है। पीएम ने कहा कि हमारे पड़ोस मे जंग जल रही है, जिसका असर पूरी दुनिया समेत भारत पर भी पड़ रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे एक साल तक सोना न खरीदें और ईंधन की बचत पर ध्यान दें।

Published on:
11 May 2026 10:14 am