कारोबार

Stock Market Crash Today: मार्केट में महागिरावट, सेंसेक्स 2500 अंक गिरकर बंद, लोगों के 12 लाख करोड़ रुपये डूबे, जानिए इस मंदी के 9 कारण

Stock Market Crash Today: शेयर बाजार में आज जबदस्त बिकवाली हुई है। सेंसेक्स 2500 अंक गिरकर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 775 अंक गिरकर बंद हुआ।

3 min read
Mar 19, 2026
शेयर मार्केट क्रैश कर गया है। (PC: AI)

Stock Market Crash Today: भारतीय शेयर बाजार में आज जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 3.26 फीसदी या 2496 अंक की गिरावट के साथ 74,207 पर बंद हुआ है। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी 3.26 फीसदी या 775 अंक की गिरावट के साथ 23,002 पर बंद हुआ है। ऐसे में निवेशकों को आज करीब 12 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया है। क्रूड ऑयल में तेज उछाल, मिडिल ईस्ट में युद्ध के भयावह होने और वैश्विक बाजारों में गिरावट का असर भारतीय मार्केट पर पड़ा है। सबसे अधिक गिरावट ऑटो, फाइनेंशियल और रियल एस्टेट शेयरों में दर्ज हुई है। प्राइवेट बैंकों के शेयर भी आज काफी टूटे हैं।

ये भी पढ़ें

Gold Rate Today: सोने-चांदी में महा-गिरावट, सीधे 32,000 रुपये टूटी सिल्वर, जानिए कितने गिरे 24, 22, 18, 14 कैरेट गोल्ड के रेट

सेंसेक्स के शेयरों का हाल

सेंसेक्स पैक के सभी 30 शेयर आज लाल निशान पर बंद हुए हैं। सबसे अधिक गिरावट इटरनल, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा और लार्सन एंड टुब्रो में दर्ज हुई। इसके अलावा, इंडिगो, ट्रेंट, बजाज फिनसर्व, मारुति, अल्ट्राटेक सीमेंट, इन्फोसिस, एक्सिस बैंक, टीसीएस, एशियन पेंट, अडानी पोर्ट्स, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक का शेयर भी लाल निशान पर बंद हुआ।

क्या है इस गिरावट की वजह

तेल की कीमतें 115 डॉलर के पार

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और होर्मुज स्ट्रेट के लंबे समय तक बंद रहने के कारण तेल की कीमतों में जारी जबरदस्त तेजी के बीच कच्चा तेल फिर से 115 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है। कतर की सरकारी कंपनी QatarEnergy ने बताया कि रास लफ्फान में ईरानी मिसाइल हमलों से भारी नुकसान हुआ है, जहां देश के प्रमुख LNG प्रोसेसिंग प्लांट स्थित हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी कि वह कतर के LNG प्लांट्स पर हमला न करे, वरना साउथ पार्स गैस फील्ड को पूरी तरह नष्ट कर दिया जाएगा।

फेड की महंगाई को लेकर चिंता

अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने बताया कि बढ़ती महंगाई और वैश्विक तनाव के चलते ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। फेड ने अपनी ब्याज दर 3.50% से 3.75% के बीच बरकरार रखी और अनुमान लगाया कि इस साल केवल एक बार दरों में कटौती हो सकती है।

HDFC बैंक के शेयरों में भारी गिरावट

HDFC बैंक के शेयर करीब 9% गिर गए, क्योंकि बैंक के चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती ने इस्तीफा दे दिया। उनकी जगह केकी मिस्त्री को अंतरिम चेयरमैन बनाया गया है। चक्रवर्ती ने अपने इस्तीफे में कहा कि पिछले दो वर्षों में बैंक में कुछ ऐसे बदलाव हुए जो उनके मूल्यों और नैतिकता के अनुरूप नहीं थे। HDFC बैंक शेयर बाजार का एक बड़ा हिस्सा है, इसलिए इसके गिरने से सेंसेक्स और निफ्टी पर भी दबाव पड़ा।

वैश्विक बाजारों में गिरावट

अमेरिकी बाजारों में गिरावट देखी गई। S&P 500 करीब 1.36%, नैस्डैक 1.46% और डाउ जोन्स 1.63% गिरा। एशियाई बाजारों में भी कमजोरी रही। जापान का निक्केई 2.5% और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1% से ज्यादा गिरा। हांगकांग का हैंगसेंग 1.4% नीचे रहा।

विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी

विदेशी निवेशकों (FII) ने लगातार 14वें दिन भारतीय बाजार से पैसे निकाले हैं। बुधवार को उन्होंने 2,714 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सेंसेक्स वीकली एक्सपायरी

गुरुवार को सेंसेक्स के वीकली डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट्स की एक्सपायरी थी, जिसके कारण बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ गया।

रुपये पर दबाव

भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 92.63 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया। विशेषज्ञों के अनुसार, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और आयात लागत बढ़ने से रुपये पर दबाव बना रहेगा।

मुनाफावसूली

हाल के दिनों में बाजार में आई तेजी के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली की। सेंसेक्स ने सोमवार से बुधवार के बीच करीब 3000 अंक की बढ़त दर्ज की थी।

अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में तेजी

अमेरिकी 10 साल के बॉन्ड की यील्ड 4.265% तक पहुंच गई, जबकि 2 साल के बॉन्ड की यील्ड 3.773% तक बढ़ गई। मार्च महीने में 10 साल की यील्ड 30 बेसिस पॉइंट और 2 साल की यील्ड 39 बेसिस पॉइंट बढ़ी है।

आगे क्या?

विशेषज्ञों का कहना है कि अगर ब्रेंट क्रूड लंबे समय तक 110 डॉलर से ऊपर रहता है, तो भारत की अर्थव्यवस्था और कॉर्पोरेट कमाई पर नकारात्मक असर पड़ेगा। हालांकि, यह भी संभव है कि युद्ध अचानक खत्म हो जाए और तेल की कीमतें तेजी से गिर जाएं। बाजार इस समय युद्ध और तेल की कीमतों के अनुसार तेजी से प्रतिक्रिया दे रहा है। यदि तनाव बढ़ता है, तो हाल की बाजार रिकवरी खत्म हो सकती है।

ये भी पढ़ें

March deadline: 31 मार्च से पहले निपटा लें ये 7 जरूरी काम वरना हो जाएगा बड़ा नुकसान

Updated on:
19 Mar 2026 03:51 pm
Published on:
19 Mar 2026 03:48 pm
Also Read
View All

अगली खबर