कारोबार

Stock Market Today: शेयर बाजार में धनतेरस पर हुई जमकर कमाई, 1700 पॉइंट उछला सेंसेक्स, जानिए इस तेजी के 4 बड़े कारण

Why Share Market Rise Today: सेक्टोरल सूचकांकों में आज निफ्टी प्राइवेट बैंक 3.22 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेस 25/50 में 2.54 फीसदी और निफ्टी फार्मा में 1.21 फीसदी की तेजी दर्ज हुई।
2 min read
• •
Updated: 6 Nov 2026, 4:11 PM IST
Share Market Today
शेयर बाजार भारी बढ़त लेकर बंद हुआ है। (PC: AI)

भारतीय शेयर बाजार आज धनतेरस पर भारी बढ़त लेकर बंद हुआ है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को 2.17 फीसदी या 1718 अंक की बढ़त के साथ 81,028 पर बंद हुआ है। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी आज 2.01 फीसदी या 493 अंक की बढ़त लेकर 25,030 पर बंद हुआ है। आइए जानते हैं कि बाजार में आई इस तेजी के पीछे बड़े कारण कौन-से हैं।

दुनियाभर में AI शेयरों की बिकवाली से भारत को फायदा

अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी की जीत के बाद आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ी कंपनियों के शेयरों पर दबाव बढ़ा है। अमेरिकी संसद में डेमोक्रेट्स का कंट्रोल बढ़ने से आशंका है कि AI सेक्टर पर नियम सख्त हो सकते हैं। इससे AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर होने वाला निवेश प्रभावित होने की चिंता है। इस आशंका के चलते अमेरिकी टेक कंपनियों के शेयरों में तेज बिकवाली हुई। नैस्डैक में करीब 6 फीसदी की गिरावट आई। यह मार्च 2020 में कोरोना संकट के दौरान आई भारी गिरावट के बाद इसकी सबसे बड़ी गिरावट बताई गई। अक्टूबर में अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद इंडेक्स 10 फीसदी से ज्यादा नीचे आ गया।

वैश्विक बाजारों में एआई शेयरों से निकल रहा पैसा भारतीय बाजार के लिए फायदेमंद माना जा रहा है। बाजार के जानकार इसे भारत का 'एंटी-AI' फायदा बता रहे हैं। दिग्गज बैंकर उदय कोटक ने भी हाल में कहा था कि एआई को लेकर बना उत्साह कम होने पर निवेश का कुछ हिस्सा भारत की ओर आ सकता है।

विदेशी निवेशकों ने की जबरदस्त खरीदारी

भारतीय बाजार में तेजी की एक बड़ी वजह विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की वापसी है। गुरुवार को विदेशी निवेशकों ने एनएसई के अस्थायी आंकड़ों के मुताबिक भारतीय शेयर बाजार में करीब 14,975 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। यह लगभग छह साल में एक दिन के दौरान उनकी सबसे बड़ी शुद्ध खरीदारी है। इस सप्ताह अब तक विदेशी निवेशक हर कारोबारी सत्र में भारतीय शेयरों के खरीदार रहे हैं।

कंपनियों के अच्छे नतीजों से बाजार को मिला सहारा

कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजे भी बाजार में तेजी की वजह बने हैं। खास तौर पर महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) के शेयरों में मजबूत बढ़त देखने को मिली। कंपनी के दूसरी तिमाही के नतीजे आने के बाद इसके शेयर 5 फीसदी से ज्यादा चढ़ गए और यह सेंसेक्स के प्रमुख तेजी वाले शेयरों में शामिल रहा। इस बार कंपनियों के नतीजों का सीजन उम्मीद से बेहतर रहा है। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वीके विजयकुमार के मुताबिक, मौजूदा तेजी को कंपनियों की मजबूत कमाई का भी समर्थन मिल रहा है। कंपनियों की आय में उम्मीद से बेहतर बढ़ोतरी बाजार के लिए सकारात्मक संकेत है।

बड़ी कंपनियों के शेयरों में खरीदारी के मौके

इस सप्ताह बाजार में आई तेजी से पहले लंबे समय तक बिकवाली का दबाव बना हुआ था। साल की शुरुआत से बाजार में उतार-चढ़ाव के कारण निवेशकों के पोर्टफोलियो पर असर पड़ा। सेंसेक्स और निफ्टी अब भी अपने रिकॉर्ड स्तरों से काफी नीचे हैं। लगातार गिरावट के बाद कई बड़ी कंपनियों के शेयरों का वैल्यूएशन आकर्षक हो गया है। ऐसे में निवेशक इन शेयरों में खरीदारी कर रहे हैं। इसे वैल्यू बाइंग कहा जाता है। यानी निवेशक उन कंपनियों के शेयर खरीदते हैं, जिनकी कीमत उनके कारोबारी प्रदर्शन और संभावनाओं के मुकाबले कम नजर आती है।

Updated on:
6 Nov 2026, 4:11 PM IST
Published on: