कारोबार

Sun Pharma Q1 Results: 27% बढ़ा देश की सबसे बड़ी दवा कंपनी का मुनाफा, रेवेन्यू में 10.5% का उछाल, शेयर ने 5 साल में दिया है 156% रिटर्न

Sun Pharma Q1 Profit: भारत में मजबूत बिक्री और इनोवेटिव दवाओं के कारोबार ने सन फार्मा को नई ताकत दी है। हालांकि, अमेरिका में जेनरिक दवाओं की बिक्री कमजोर रही, लेकिन घरेलू बाजार की अच्छी ग्रोथ ने इसकी भरपाई कर दी।
3 min read
Jul 31, 2026
Sun Pharma Q1 Results
सन फार्मा के मुनाफे में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हुई है। (PC: AI)

Sun Pharma Share Price 31st July: भारत की सबसे बड़ी दवा कंपनी सन फार्मा ने जून 2026 तिमाही में उम्मीद से बेहतर परफॉर्म किया है। घरेलू बाजार में मजबूत बिक्री और दवाओं की बढ़ती मांग के दम पर कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 27% बढ़कर 2,895 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 2,279 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। कंपनी का परिचालन से रेवेन्यू भी 10.5% बढ़कर 15,300 करोड़ रुपये रहा। ये नतीजे बताते हैं कि भारत में कारोबार अब भी सन फार्मा की सबसे बड़ी ताकत बना हुआ है।

घरेलू बाजार में हुई अच्छी बिक्री

चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत में कंपनी की दवा बिक्री 16% बढ़कर 5,475 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। कुल कंसोलिडेटेड बिक्री में घरेलू कारोबार की हिस्सेदारी 36.1% रही। कंपनी का कहना है कि वह अब भी भारत की सबसे बड़ी फार्मा कंपनी है। Pharmarack के जून 2026 के आंकड़ों के अनुसार कंपनी की बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 8.5% हो गई है, जो पहले 8.2% थी।

डॉक्टरों के प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर भी सन फार्मा 12 मेडिकल स्पेशलिटी में पहले स्थान पर बनी हुई है। इस दौरान कंपनी ने भारतीय बाजार में पांच नए प्रोडक्ट भी लॉन्च किए।

अमेरिका में कैसा रहा कंपनी का कारोबार

अमेरिका में सन फार्मा की फॉर्मूलेशन बिक्री 10% घटकर 427 मिलियन डॉलर रही। जेनेरिक दवाओं में लगातार बढ़ती प्रतिस्पर्धा और कीमतों के दबाव का असर कारोबार पर दिखा। हालांकि, कंपनी की इनोवेटिव और स्पेशियलिटी दवाओं का परफॉर्मेंस मजबूत रही। इस सेगमेंट की बिक्री 13% बढ़कर 351 मिलियन डॉलर पर पहुंच गई, जिससे अमेरिका के कमजोर जेनेरिक कारोबार की काफी हद तक भरपाई हो गई। अब कंपनी धीरे-धीरे कम मार्जिन वाले जेनेरिक बिजनेस पर निर्भरता घटाकर नई और विशेष दवाओं पर ज्यादा फोकस कर रही है।

दूसरे देशों में भी बढ़ा कारोबार

उभरते बाजारों में कंपनी की फॉर्मूलेशन बिक्री 311 मिलियन डॉलर रही, जो पिछले साल की तुलना में 4% ज्यादा है। वहीं, अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों से 218 मिलियन डॉलर की बिक्री हुई। एक्टिव फार्मास्युटिकल इंग्रीडिएंट (API) का कारोबार भी मजबूत रहा। इसकी एक्सटर्नल सेल्स 10.5% बढ़कर 597 करोड़ रुपये हो गई। कंपनी का कहना है कि API पोर्टफोलियो घरेलू और विदेशी दोनों ग्राहकों की जरूरत पूरी कर रहा है।

रिसर्च पर लगातार बढ़ रहा निवेश

सन फार्मा ने इस तिमाही में रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) पर 826 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जो कुल बिक्री का 5.4% है। कंपनी की रिसर्च पाइपलाइन में इस समय पांच नई दवाएं क्लीनिकल स्टेज में हैं। अमेरिका में उसके पास 558 ANDA मंजूरियां हैं, जबकि 119 आवेदन अभी अमेरिकी FDA की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं। इनमें 28 अस्थायी मंजूरियां भी शामिल हैं। जून तिमाही के दौरान कंपनी ने तीन नए ANDA आवेदन दाखिल किए और छह को मंजूरी मिली।

क्या है शेयर का हाल

सन फार्मा का शेयर आज शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुआ है। यह 0.53 फीसदी या 10.60 रुपये की गिरावट के साथ 1990.50 रुपये पर बंद हुआ है। सेबी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार डॉ रवि सिंह ने बताया कि इस शेयर ने 1 वीक में 2.36 फीसदी, 1 महीने में 6.68 फीसदी, इस साल अब तक 15.45 फीसदी और एक साल में 16.42 फीसदी रिटर्न दिया है। 3 साल में इस शेयर ने 73.78 फीसदी और 5 साल में 156.73 फीसदी रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 4,76,747.86 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Updated on:
31 Jul 2026 05:22 pm
Published on:
31 Jul 2026 05:22 pm