कारोबार

Top Gainers & losers: JSW Cement, GAIL और टाटा कम्युनिकेशंस समेत इन शेयरों में आज आई तेजी, उधर लुढ़क गए फार्मा सेक्टर के स्टॉक्स

Stock Market News: निफ्टी और सेंसेक्स आज बढ़त के साथ बंद हुए, लेकिन ऊंचे स्तरों पर बिकवाली हावी रही। प्राइवेट बैंक और मेटल शेयरों में अच्छी खरीदारी हुई है। जबकि फार्मा और मीडिया सेक्टर दबाव में रहे।
3 min read
May 22, 2026
Share Market News
Share Market: शेयर बाजार में गिरावट देखी जा रही है। (Source-AI)

Top Gainers & losers: शेयर बाजार में शुक्रवार को पूरे दिन उतार-चढ़ाव का दौर चलता रहा। कभी खरीदार हावी दिखे तो कभी बिकवाली ने बाजी पलट दी। बाजार ने जोरदार वापसी की कोशिश भी की, लेकिन ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली शुरू होते ही तेजी की रफ्तार थम गई। आखिरकार निफ्टी 50 करीब 0.40 फीसदी की बढ़त के साथ 23,703 पर बंद हुआ। सेंसेक्स भी हरे निशान में बंद हुआ। इंडेक्स 0.36 फीसदी चढ़कर 75,425 के स्तर पर पहुंच गया है। मिडकैप शेयरों में हल्की खरीदारी दिखी, जबकि स्मॉलकैप इंडेक्स फिसल गया। दिन के कारोबार में निफ्टी ने करीब 0.80 फीसदी तक छलांग लगाई थी, लेकिन ऊंचे स्तरों पर निवेशकों ने मुनाफा काटना शुरू कर दिया। इसका असर आखिरी घंटों में साफ दिखाई दिया।

इन सेक्टर्स में रही सबसे ज्यादा हलचल

प्राइवेट बैंक, पीएसयू बैंकिंग और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी बैंक और निफ्टी मेटल इंडेक्स करीब 1.4 फीसदी तक चढ़े। दूसरी तरफ मीडिया और फार्मा सेक्टर दबाव में रहे। इन दोनों इंडेक्स में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई। आईटी और ऑयल एंड गैस सेक्टर भी लाल निशान में बंद हुए। इससे साफ है कि बाजार अभी पूरी तरह एक दिशा पकड़ने को तैयार नहीं दिख रहा।

रुपये को RBI का सहारा

भारतीय रुपये में लगातार दूसरे दिन मजबूती देखने को मिली है। रुपया डॉलर के मुकाबले 95.7 तक पहुंच गया। इससे पहले 20 मई को यह रिकॉर्ड निचले स्तर 96.96 तक फिसल गया था। माना जा रहा है कि RBI लगातार बाजार में दखल देकर रुपये को संभालने की कोशिश कर रहा है। खबर है कि सरकारी बैंकों के जरिए डॉलर की बिक्री की गई है, ताकि रुपये पर दबाव कम किया जा सके।

कच्चे तेल ने बढ़ाई टेंशन

दूसरी तरफ कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। अमेरिका और ईरान के बीच जारी बयानबाजी ने बाजार की चिंता बढ़ा दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका किसी भी हाल में ईरान के हाई एनरिच्ड यूरेनियम स्टॉक पर नियंत्रण हासिल करेगा। वहीं, ईरान ने साफ कर दिया कि वह अपना यूरेनियम नहीं सौंपेगा। इन बयानों के बाद बाजार में क्रूड की सप्लाई बाधित होने का डर बढ़ गया है।

इन शेयरों ने दिखाई ताकत

कंपनियों के तिमाही नतीजों का असर कई शेयरों में साफ दिखा। मिंडा कॉरपोरेशन सबसे बड़ा गेनर रहा। शेयर करीब 9 फीसदी उछलकर 585 रुपये तक पहुंच गया। JSW Cement में भी 8.5 फीसदी की तेजी रही। Honasa Consumer के शेयरों में 6 फीसदी की बढ़त आई। कंपनी ने लिस्टिंग के बाद अब तक का सबसे अच्छा ऑपरेटिंग प्रॉफिट और PAT दर्ज किया। साथ ही FY26 के लिए 3 रुपये प्रति शेयर का पहला डिविडेंड भी घोषित किया गया।

तेजी वाले शेयरगिरावट वाले शेयर
मिंडा कॉरपोरेशनइंजीनियर्स इंडिया
JSW सीमेंटसेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया
होनासा कंज्यूमरमैक्स हेल्थकेयर
टाटा कम्युनिकेशंसग्लेनमार्क फार्मास्यूटिकल्स
सम्मन कैपिटलऑरोबिंदो फार्मा
केन्स टेक्नोलॉजी इंडियापेटीएम
डिक्सन टेक्नोलॉजीजपाइन लैब्स
गेल इंडियाग्रेट ईस्टर्न शिपिंग
फर्स्टसोर्स सॉल्यूशंसशिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया
मीशोसाई लाइफ साइंस
लेंसकार्ट सॉल्यूशंसथर्मेक्स
ट्रेंटदीपक नाइट्रेट
श्रीराम फाइनेंसविजय डायग्नोस्टिक सेंटर

टाटा कम्युनिकेशंस लगातार तीसरे दिन चढ़ा और शेयर 1,959 रुपये तक पहुंच गया। सम्मन कैपिटल में भी 5 फीसदी की तेजी रही। EMS सेक्टर की कंपनियों में भी खरीदारी दिखी। Kaynes Technology India और Dixon Technologies के शेयर क्रमश: 5 फीसदी और 4 फीसदी चढ़े। GAIL इंडिया के शेयर भी अच्छे नतीजों के बाद करीब 2.8 फीसदी मजबूत हुए।

Firstsource Solutions लगातार चौथे दिन चढ़ा। शेयर 6 फीसदी उछलकर 270 रुपये तक पहुंच गया। वहीं, नई टेक कंपनियों में Meesho और Lenskart Solutions भी 3 फीसदी से ज्यादा बढ़त के साथ बंद हुए। ट्रेंट, श्रीराम फाइनेंस, पेज इंडस्ट्रीज, फोर्स मोटर्स और कॉनकॉर्ड बायोटेक जैसे शेयरों में भी अच्छी खरीदारी रही।

इन शेयरों में भारी गिरावट

जहां कुछ शेयर चमके, वहीं कई शेयरों में जोरदार बिकवाली भी देखने को मिली। इंजीनियर्स इंडिया करीब 9 फीसदी टूट गया। निवेशकों को कंपनी के मार्च तिमाही के नतीजे पसंद नहीं आए। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में भी 8 फीसदी की गिरावट आई। सरकार ने बैंक में अपनी हिस्सेदारी बेचने के लिए OFS लॉन्च किया है, जिससे शेयर दबाव में आ गया। मैक्स हेल्थकेयर के शेयर तिमाही नतीजों के बाद 6 फीसदी से ज्यादा टूट गए। फार्मा कंपनियों में Glenmark Pharmaceuticals और Aurobindo Pharma के शेयरों में भी 5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई।

Paytm और Pine Labs के शेयर बड़े ब्लॉक डील्स के बाद फिसल गए। वहीं, ग्रेट ईस्टर्न शिपिंग और शिपिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया के शेयर भी कमजोर रहे। साई लाइफ साइंस, थर्मेक्स, दीपक नाइट्रेट और विजय डायग्नोस्टिक सेंटर के शेयर के शेयर में गिरावट दर्ज हुई है।

Updated on:
22 May 2026 05:25 pm
Published on:
22 May 2026 05:21 pm