21 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Nykaa Q4 Results: 286% उछला नायका का मुनाफा, ब्यूटी सेगमेंट में भारी बिक्री से रेवेन्यू 2,648 करोड़ के पार

Nykaa Share Price: नायका की पैरेंट कंपनी FSN E-Commerce Ventures ने मार्च तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं। ब्यूटी और मेकअप प्रोडक्ट्स की मजबूत मांग से कंपनी का मुनाफा सालाना आधार पर 286 फीसदी बढ़ गया है। बिक्री, GMV और EBITDA मार्जिन में भी जोरदार उछाल देखने को मिला।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Pawan Jayaswal

May 21, 2026

Nykaa Q4 Results

Nykaa के मुनाफे में भारी इजाफा हुआ है। (PC: AI)

Nykaa Q4 Results: मेकअप और ब्यूटी प्रोडक्ट्स की बढ़ती खरीदारी ने नायका की कमाई में जबरदस्त जान फूंक दी है। कंपनी ने मार्च तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं। कंपनी ने मुनाफे से लेकर बिक्री तक, लगभग हर मोर्चे पर दमदार परफॉर्म किया है। नायका की पैरेंट कंपनी FSN E-Commerce Ventures ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट बढ़कर 78.38 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह आंकड़ा सिर्फ 20.28 करोड़ रुपये था। यानी सालाना आधार पर मुनाफे में करीब 286 फीसदी की छलांग लगी है। पिछली तिमाही के मुकाबले भी कंपनी की कमाई बेहतर रही है।

मेकअप और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स की मजबूत मांग

कंपनी की कमाई बढ़ाने में सबसे बड़ा हाथ उसके ब्यूटी बिजनेस का रहा। स्किनकेयर, मेकअप और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स की मजबूत मांग से बिक्री तेजी से बढ़ी। मार्च तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू बढ़कर 2,648 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। एक साल पहले इसी अवधि में कंपनी का रेवेन्यू करीब 2,061 करोड़ रुपये था। हालांकि, पिछली तिमाही के मुकाबले रेवेन्यू में हल्की नरमी देखने को मिली।

27% बढ़ी ब्यूटी सेगमेंट से आय

Nykaa का सबसे बड़ा कारोबार ब्यूटी सेगमेंट है और इसने फिर कंपनी को संभाले रखा। ब्यूटी बिजनेस से आय करीब 27 फीसदी बढ़कर 2,409 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। वहीं, फैशन कारोबार ने भी तेजी दिखाई। फैशन वर्टिकल की बिक्री करीब 40 फीसदी उछलकर 225 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।

एबिटडा 67% उछला

कंपनी के ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस में भी अच्छा सुधार दिखा। EBITDA यानी ब्याज, टैक्स, डेप्रिसिएशन और अमॉर्टाइजेशन से पहले की कमाई 67 फीसदी बढ़कर 223 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। मार्जिन बढ़कर 8.4 फीसदी हो गया, जो कंपनी के इतिहास में चौथी तिमाही का सबसे ऊंचा स्तर बताया जा रहा है। पिछले साल इसी अवधि में यह 6.5 फीसदी था।

GMV लगातार हो रहा मजबूत

Nykaa का GMV यानी ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू भी लगातार मजबूत बना हुआ है। मार्च तिमाही में यह 28 फीसदी बढ़कर 5,241 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। पूरे वित्त वर्ष की बात करें तो कंपनी का कुल GMV बढ़कर करीब 19,963 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसमें सिर्फ ब्यूटी बिजनेस का योगदान लगभग 14,954 करोड़ रुपये रहा।

14 साल के सफर में एक बड़ा पड़ाव

Nykaa की फाउंडर और CEO फाल्गुनी नायर ने कहा कि कंपनी ने 1 अरब डॉलर से ज्यादा रेवेन्यू का आंकड़ा पार कर लिया है, जो उसके 14 साल के सफर में एक बड़ा पड़ाव है। उनके मुताबिक पिछले तीन साल में कंपनी ने अपने ब्यूटी और फैशन कारोबार को तेजी से बढ़ाया है, जबकि नए बिजनेस सेगमेंट्स ने भी शानदार ग्रोथ दिखाई है।